Ballia News: किसान के खाते में दिखे 759 करोड़ रुपये, बैलेंस देखकर दंपती और जनसेवा केंद्र संचालक के उड़े होश
बलिया के नरही क्षेत्र में एक किसान के बैंक खाते में अचानक 759.69 करोड़ रुपये का बैलेंस दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और बैंक मामले की जांच में जुट गए हैं।
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक किसान के बैंक खाते में 759 करोड़ रुपये से अधिक का बैलेंस दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खाते में अरबों रुपये का बैलेंस देखकर पहले जनसेवा केंद्र संचालक और फिर किसान दंपती भी हैरान रह गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बेटे ने भेजे थे खाद के लिए रुपये
पुलिस के अनुसार, नरही थाना क्षेत्र के सरवनपुर गांव निवासी मुसाफिर साहनी और उनकी पत्नी प्रेमशिला देवी ने खेत में खाद डालने के लिए अपने बेटे राहुल साहनी, जो कुवैत में काम करता है, से कुछ रुपये भेजने को कहा था।राहुल ने रुपये खाते में भेजने की जानकारी दी और माता-पिता से बैंक खाते से पैसे निकालने को कहा।
10 हजार रुपये निकाले, फिर दिखा 759 करोड़ का बैलेंस
शनिवार को दंपती लक्ष्मणपुर स्थित सेंट्रल बैंक की फ्रेंचाइजी पर पहुंचे, लेकिन केंद्र बंद मिला। इसके बाद वे पास के एक जनसेवा केंद्र पर गए, जहां आधार आधारित बैंकिंग सेवा के जरिए 10 हजार रुपये निकाले। इसी दौरान जनसेवा केंद्र संचालक ने खाते का बैलेंस देखा तो उसमें 759 करोड़ 69 लाख 51 हजार 951 रुपये दर्ज दिखाई दिए। यह देखकर संचालक और दंपती दोनों हैरान रह गए।
पुलिस और बैंक कर रहे जांच
दंपती ने तुरंत इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। बताया गया कि उनका खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की चितबड़ागांव शाखा में है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि खाते में दिखाई दे रहा बैलेंस तकनीकी गड़बड़ी का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। बैंक की ओर से भी खाते का सत्यापन किया जा रहा है।
