फरक्का एक्सप्रेस की चपेट में आया युवक, हुई दर्दनाक मौत, बाइक से मिला पहचान का सुराग
-जहांगीराबाद के बनवा रेलवे क्रॉसिंग पर सुबह हुई घटना, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
बाराबंकी, अमृत विचार। थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के बनवा रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे एक युवक की फरक्का एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे ट्रेन के सामने कूदने का मामला मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना जहांगीराबाद पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बाराबंकी से अयोध्या की ओर जा रही ट्रेन संख्या 15744 फरक्का एक्सप्रेस के सामने बनवा रेलवे क्रॉसिंग के निकट पोल संख्या 1064/16 के पास युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे क्रॉसिंग के गेटमैन धर्मेंद्र के अनुसार, युवक मोटरसाइकिल से घटनास्थल पर पहुंचा था। उसने अपनी बाइक रेलवे क्रॉसिंग के पास खड़ी की और ट्रेन आने पर पटरी के निकट चला गया। हादसे के बाद शव करीब 300 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल से पुलिस को यूपी 41 AY 2426 नंबर की मोटरसाइकिल मिली। जांच में पता चला कि वाहन हिमांशु रस्तोगी के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक की पहचान हिमांशु रस्तोगी के रूप में हुई है या मोटरसाइकिल किसी अन्य व्यक्ति के उपयोग में थी। पुलिस इसी आधार पर मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। वहीं थाना जहांगीराबाद पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें :
UP Electricity : यूपी में 47 लाख बिजली उपभोक्ताओं का बढ़ा लोड, जेब पर बढ़ेगा बोझ; सब्सिडी पर मंडराया संकट
