Hardoi News : पैर दर्द के इंजेक्शन के बाद किसान की मौत, झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप
हरदोई के मल्लावां क्षेत्र में पैर दर्द की दवा लेने गए किसान की इंजेक्शन लगने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
हरदोई, अमृत विचार। हरदोई के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में पैर दर्द की दवा लेने गए एक किसान की इंजेक्शन लगने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाजार में दवा लेने पहुंचा था किसान
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बक्खापुरवा मजरा बेरिया नजीरपुर निवासी रामकुमार (पुत्र बेंचेलाल) शनिवार को राघौपुर बाजार गए थे। परिजनों के अनुसार, बाजार में पैर में दर्द होने पर वह पास में ही एक झोलाछाप चिकित्सक के यहां दवा लेने पहुंचे। मृतक के छोटे बेटे अमित का आरोप है कि झोलाछाप ने उनके पिता को दवा देने के साथ इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें चक्कर आने लगे।
फोन कर कहा- 'आकर ले जाइए'
परिजनों ने बताया कि देर होने पर वे लगातार रामकुमार के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश करते रहे। काफी देर बाद बड़े बेटे अरुण ने फोन किया तो फोन झोलाछाप ने उठाया और कथित तौर पर कहा कि "आकर इन्हें ले जाइए।" जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो रामकुमार मृत मिले। इसके बाद परिजन शव घर ले आए और पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। रामकुमार अपने पीछे पत्नी कुसुमा देवी, चार बेटियों और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
