कानपुर में बोले अजय राय- गेरुआ का सम्मान है तो चढ़ावा चोरों के घरों पर चलाएं बुलडोजर
भगवान श्रीराम के घर को भी नहीं बख्शा, कितने शातिर हैं ये लुटेरे
कानपुर दौरे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में मुख्य आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कानपुर, अमृत विचार। योगी जी, अगर जरा भी गेरुआ का सम्मान करते हैं तो अयोध्या में भगवान श्रीराम के घर को निशाना बनाने वाले प्रमुख लुटेरों को भी गिरफ्तार करें और उनके घरों पर बुलडोजर चलायें। ये कहना है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का।
रविवार को कांग्रेस के दिवंगत पूर्व राष्ट्रीय सचिव अब्दुल मन्नान की प्रथम जन्म जयंती स्मरण समारोह पर कानपुर आये कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अमृत विचार संवाददाता से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चंपत राय बंसल, अनिल मिश्रा, गोपाल राव समेत जो भी मुख्य भूमिका में बताये जा रहे हैं, इन सभी का नाम एफआईआर में होना चाहिए और इनके घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए।
इससे पूर्व कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी एवं सोसायटी फॉर सेक्युलरिज्म के संयुक्त तत्वावधान में तिलक हाल में आयोजित अब्दुल मन्नान की प्रथम जन्म जयंती पर जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन एवं साड़ियों का वितरण किया गया। अजय राय ने कहा कि अब्दुल मन्नान का जीवन कांग्रेस की विचारधारा, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। विशिष्ट अतिथि शरद मिश्रा रहे।
अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की। हाशिर मन्नान अंसारी, ,आलोक मिश्रा,संदीप शुक्ला, पीएस बाजपई,नजम हमराज,नौशाद आलम मंसूरी,नरेश त्रिपाठी,मदन मोहन शुक्ला,टिल्लू ठाकुर,लल्लन अवस्थी,शीलू श्रीवास्तव,धर्मेंद्र सिंह,एजाज अहमद,जफर फिरोज,सुशील बाजपई,नावेद अंसारी,दनियाल जफर,मोहम्मद तालिब,इमरोज खान,जमील अहमद,पदम मोहन मिश्रा आदि थे।
वरिष्ठ कांग्रेसी फजल हुसैन को दिलासा देने पहुंचे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय कानपुर में विभिन्न श्रद्धांजलि सभाओं एवं शोक संवेदना कार्यक्रमों में शामिल हुए। रहमानी मार्केट स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता फजल हुसैन खान को दिलासा देने पहुंचे। बीते दिनों उनके पुत्र गय्यास खान का असामयिक निधन हो गया था। वहां से रूपम चौराहा पर दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी मोहम्मद याकूब को परिजनों को दिलासा दिया। फिर दिवंगत विजय नारायण शुक्ला के परिजनों से भेंट की। चौबेपुर विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी शिवकिशोर मिश्रा की पत्नी के निधन पर उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी।
