Barabanki News : रामनगर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 40 लीटर कच्ची शराब बरामद, 200 किलो लहन नष्ट
बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान 200 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
रामनगर (बाराबंकी), अमृत विचार। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने रविवार को रामनगर क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। विभिन्न गांवों में 12 स्थानों पर की गई दबिश के दौरान 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार करीब 200 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तीन गांवों में एक साथ पड़ी दबिश
आबकारी आयुक्त के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक उमाशंकर चौधरी के नेतृत्व में टीम ने थाना रामनगर क्षेत्र के बहलोलपुर, खुर्दा और मल्लाहनपुरवा गांवों में संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी की सूचना मिलते ही अवैध शराब बनाने में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। टीम ने तलाशी के दौरान 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की और शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 200 किलोग्राम लहन को नष्ट कर दिया।

दो मुकदमे दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
आबकारी निरीक्षक उमाशंकर चौधरी ने बताया कि यदि लहन को समय रहते नष्ट नहीं किया जाता, तो उससे बड़ी मात्रा में अवैध और संभावित रूप से जहरीली शराब तैयार की जा सकती थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो अभियोग दर्ज किए गए हैं और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। विभाग की ओर से ग्रामीणों को अवैध एवं मिलावटी शराब के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया गया तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई।
