Barabanki News : ऑपरेशन दहन के तहत 3.59 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ नष्ट, 26 मामलों से जुड़ी बड़ी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

26 एनडीपीएस मामलों से जुड़े 11.644 किलोग्राम नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से किया गया विनष्टीकरण

बाराबंकी पुलिस ने ऑपरेशन दहन के तहत 26 एनडीपीएस मामलों से जुड़े 11.644 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए। स्मैक, गांजा, चरस और डोडा सहित करीब 3.59 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से विनष्टीकरण किया गया।

बाराबंकी, अमृत विचार। विशेष अभियान ऑपरेशन दहन के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 26 मामलों से संबंधित कुल 11.644 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिक निस्तारण एवं विनष्टीकरण कराया।

पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 59 लाख 97 हजार 315 रुपये है। यह कार्रवाई देवा रोड स्थित सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में की गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 1.787 किलोग्राम स्मैक-हेरोइन, 2.691 किलोग्राम गांजा, 0.065 किलोग्राम चरस और 7.101 किलोग्राम डोडा शामिल है।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एवं नोडल नारकोटिक्स सेल रितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी रामकिशन राना, नारकोटिक्स सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अनूप कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, सुरक्षा और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई है, ताकि मादक पदार्थों के दुरुपयोग की संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

संबंधित समाचार