फुटबॉल संस्कृति बनी फैशन की नई जान
फुटबॉल का महाकुंभ, फीफा विश्व कप अपने हर आयोजन के साथ नया फैशन ट्रेंड भी लाता है, जिसकी झलक इस समय दुनिया भर के बाजारों के साथ फुटबॉल प्रेमियों के बीच देखी जा रही है। भारत भले ही इस टूर्नामेंट का हिस्सा न हो, लेकिन देश के लगभग हर शहर में बड़े ब्रांडों के साथ फुटपाथ पर बिकने वाली टी-शर्ट, जर्सी और स्पोर्ट्स वियर में पसंदीदा खिलाड़ियों या टीमों के लोगो वाले परिधानों की जबर्दस्त मांग है। इसकी एक वजह फीफा के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या के मामले में दुनिया में भारत का दूसरे स्थान पर होना है। मेसी और रोनाल्डो जैसे खिलाड़ियों के तो देश में करोड़ों प्रशंसक हैं। वैसे भी विश्व कप में खेल रही 48 टीमों में शामिल युवा और अनुभवी मिलाकर दो दर्जन से ज्यादा फुटबॉलर सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि बड़ा ब्रांड और स्टाइल आइकन भी है। ऐसे में बाजार में इसका भी सीधा असर देखा जा रहा है। आधिकारिक नाइकी, एडिडास और प्यूमा जर्सियों की भारी मांग के साथ स्थानीय स्तर पर ऑनलाइन और ऑफलाइन बाजार में किफायती टी शर्ट और जर्सियां हाथों-हाथ बिक रही हैं।
प्रमुख टीमों की जर्सी बन गई फैशन की बड़ी उड़ान
यह फीफा का फीवर है कि युवा स्पोर्ट्स जर्सी को स्टाइलिश स्ट्रीट वियर में बदल रहे हैं। इससे स्पोर्ट्स जर्सी फैशन का नया ट्रेंड बन गई है, जिसे स्ट्रीट फैशन के तहत स्टाइलिश वियर के रूप में पहना जा रहा है। वैसे भी अधिकतर युवा ऐसे कपड़े पहनना चाहते हैं जो उनके आसपास की घटनाओं को दर्शाते हों। इसके चलते ही फुटबॉल के खेल के साथ उसकी ऊर्जा स्वाभाविक रूप से इस समय फैशन में नजर आ रही है, और जो जर्सी कभी टीम के प्रति वफादारी का प्रतीक हुआ करती थी, वह अब फैशन की सबसे बड़ी उड़ान बन गई है। यह जर्सी स्टेडियम से आगे निकलकर फैशन वीक, संगीत समारोहों और यहां तक कि शाम की पार्टियों में भी नजर आने लगी है।
ग्राफिक टी-शर्ट्स और ट्रेंडी कैजुअल वियर बना स्टाइल
फीफा और फैशन के संगम से युवा वर्ग और जेन-जी के बीच 'एथलीजर' और 'ब्लोक कोर' फैशन की लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी है कि आधिकारिक जर्सी, ट्रेंडी कैजुअल वियर, और फुटबॉल से प्रेरित ग्राफिक टी-शर्ट्स दैनिक स्टाइल का हिस्सा बन गए हैं। इससे देश में भी फीफा की थीम पर फैशन और ट्रेंड्स बाजार में लाइफस्टाइल और हाई-स्ट्रीट फैशन के रूप में उतर चुका है। एडिडास इंडिया देश में अपने प्रशंसकों के लिए अर्जेंटीना, जर्मनी और स्पेन जैसी लोकप्रिय टीमों की आधिकारिक मैचडे जर्सी बेच रहा है। रिलायंस रिटेल के ‘यूस्ता’ फैशन ब्रांड्स ने 'फन विद फीफा' रेंज लॉन्च की है। इसमें जर्सी, को-ऑर्ड सेट और ग्राफिक टी-शर्ट शामिल हैं। इंडिगो ब्रांड्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी फुटबॉल प्रशंसकों के लिए लगातार ग्राफिक्स और स्पोर्ट-कल्चर परिधान पेश कर रहे हैं, तो जारा इंडिया पर भी 'फीफा क्लासिक्स' कलेक्शन उपलब्ध है।
यूस्ता लाया फुटबॉल, फैशन और पॉप कल्चर का मिश्रण
रिलायंस रिटेल के यूथ फैशन ब्रांड यूस्ता ने फीफा कलेक्शन उन युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया है, जो खेल से जुड़ाव को अपने रोजमर्रा के स्टाइल में दिखाना चाहते हैं। यह कलेक्शन फुटबॉल, फैशन और पॉप कल्चर को एक साथ लाता है। कंपनी के मुताबिक इस नए कलेक्शन में पुरुषों, महिलाओं, बच्चों समेत पूरे परिवार के लिए फीफा अपैरल शामिल हैं। इस कलेक्शन में फुटबॉल की लोकप्रिय टीमों से प्रेरित कंट्री जर्सी, ट्रेंडी कैजुअलवियर, को-ऑर्ड सेट्स, ग्राफिक टी-शर्ट, स्पोर्ट्स-इंस्पायर्ड डेनिम और कई कैरेक्टर-बेस्ड डिजाइन शामिल हैं। कलेक्शन में “फन विथ फीफा” रेंज फुटबॉल से प्रेरित स्पोर्ट्सवियर को ज्यादा रंगीन और फैशन-फ्रेंडली अंदाज में पेश करती है। इसमें टी-शर्ट और शॉर्ट्स के को-ऑर्ड सेट्स, रिब्ड टैंक्स और स्पोर्ट्स स्टाइल डेनिम शामिल हैं। टमाटर जैसे रेड और ब्राइट ग्रीन जैसे चटख रंग ने इसे युवाओं के लिए और आकर्षक बनाया है।
ब्लोक कोर फैशन ट्रेंड का जलवा बरकरार
ब्लोक कोर फैशन ट्रेंड 90 और 2000 के दशक में ब्रिटेन और यूरोप के फुटबॉल प्रशंसकों के रोजमर्रा के कैजुअल पहनावे के लिए जाना जाता है। इस फैशन का मूल मंत्र आराम, नॉस्टेल्जिया (पुरानी यादें) और फुटबॉल के प्रति प्यार को सामान्य फैशन के साथ जोड़ना है। इसमें मुख्य रूप से ढीली-ढाली जर्सी, बैगी जींस या कार्गो पैंट के साथ रेट्रो स्नीकर्स को कैजुअल तरीके से एक साथ पहना जाता है। बकेट हैट और विंटेज सनग्लासेस इस ट्रेंड को आकर्षक लुक प्रदान करते हैं। हालांकि यह स्टाइल पुरुषों से शुरू हुआ था, लेकिन अब महिलाओं के बीच भी खासा लोकप्रिय हो चुका है।
18.jpg)
महिलाएं इसमें फुटबॉल जर्सी के साथ प्लीटेड स्कर्ट, लेग वार्मर और फेमिनिन एक्सेसरीज का मिक्स एंड मैच करके अपने लिए बेहतरीन और स्टाइलिश लुक तैयार करती हैं। वैसे ब्लोक-कोर ट्रेंड में इस समय लड़कियां बड़ी जर्सी को शॉर्ट्स ड्रेस की तरह पहनकर साथ में डिजाइनर हैंडबैग, चंकी शूज और सनग्लासेस के साथ भी स्टाइल कर रही हैं। इसी तरह तमाम लड़कियों ने ओवरसाइज्ड टॉप को जींस और घुटने तक ऊंचे बूट के साथ मिलाकर पहनने या उन्हें शॉर्ट्स और छोटी स्कर्ट के साथ पेयर करने का भी स्टाइल अपनाया है।
खिलाड़ियों के गुलाबी जूते भी बन गए फैशन स्टेटमेंट
फीफा विश्व कप में मैदान पर खिलाड़ियों के 'पिंक बूट्स' (गुलाबी जूते) लगातार चर्चा का विषय हैं। नाइकी और एडिडास जैसे ब्रांड्स ने इस बार खिलाड़ियों को मैदान पर अधिक आकर्षक दिखाने के लिए चमकदार गुलाबी जूते पहनाए हैं, इससे यह जूते टूर्नामेंट के सबसे बड़े फैशन स्टेटमेंट में से एक बन गए हैं।
खूब पसंद की जा रही हैं ओवरसाइज्ड टी शर्ट
इस साल ब्रांड्स ने स्टाइल और रंगों में कई विविधताओं के साथ टी-शर्ट के कई डिजाइन पेश किए हैं। 1990 के दशक की झलक देने वाली बेसिक ओवरसाइज्ड टी-शर्ट सबसे लोकप्रिय हैं, इसके बाद क्रॉप और फिटेड टी-शर्ट्स को भी पसंद किया जा रहा है।
वैभव त्रिवेदी ‘बॉबी’, लखनऊ
