लखनऊ में अग्निकांड.... शहर के कई कोचिंग सेंटर व होटलों में भी खतरा
दूसरे शहरों में हादसों के बाद जागता है बरेली का अग्निशमन विभाग
बरेली, अमृत विचार। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड ने 15 बच्चों का जीवन लील लिया। इस हादसे के बाद आधे-अधूरे और बिना मानकों के चलने वाले कोचिंग सेंटरों, होटलों, रेस्टोरेंट और दूसरे प्रतिष्ठानों में लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बरेली में खतरे के मुहाने पर कई कोचिंग सेंटर और होटल हैं। इस तरह के हादसे होने के बाद अग्निशमन विभाग अभियान चलाकर नोटिस देने की खानापूरी तो करता है, बावजूद इसके आज भी सैकड़ों की तादाद में प्रतिष्ठानों बिना मानकों के चल रहे हैं।
बीते दिनों दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में हुए अग्निकांड के बाद बरेली में भी अग्निशमन विभाग जागा। लगातार 10 दिन तक अभियान चलाकर होटल, बरातघरों और रेस्टोरेंट चेक किए गए। खामियां मिलने पर 20 प्रतिष्ठानों को नोटिस भी जारी किया गया। इसके बाद विभाग की कार्रवाई दोबारा ठंडे बस्ते में चली गई। जब तक दोबारा कोई हादसा नहीं होता तब तक विभाग के अधिकारी इन प्रतिष्ठानों में जाकर झांकते तक नहीं। लिहाजा ये प्रतिष्ठान कब अंगार में तब्दील हो जाएं कुछ पता नहीं।
कोचिंग सेंटरों की फायर एनओसी पर सवाल
बरेली में सैकड़ों कोचिंग सेंटर हैं, इनमें ज्यादातर बेसमेंट से लेकर पहली और दूसरी मंजिलों पर चल रहे हैं। कई कोचिंग सेंटरों के अंदर तो फायर एक्जिट तक नहीं। कोचिंग सेंटरों को लेकर अग्निशमन विभाग का जवाब भी हैरान करने वाला है। अधिकारियों के मुताबिक कोचिंग सेंटरों की प्रक्रिया शिक्षा विभाग के जरिए होती है। किसी कोचिंग सेंटर की तरफ से उनसे फायर एनओसी कभी मांगी ही नहीं गई।
छोटे कमरों में कोचिंग सेंटरों को मान्यता कैसे?
बात सिर्फ फायर एनओसी तक सीमित नहीं, शिक्षा विभाग की तरफ से दी जाने वाली मान्यता को लेकर भी कई सवाल हैं। बड़ी तादाद में कोचिंग सेंटर ऐसे हैं जो छोटो-छोटे कमरों में संचालित हो गए हैं। बड़ी तादाद में इन कोचिंग सेंटरों पर छात्र-छात्राएं शिक्षा हासिल करते हैं। बड़ा सवाल ये कि इनको मान्यता देते वक्त मानकों का ध्यान क्यों नहीं रखा गया।
बीते दिनों दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद होटलों, रेस्टोरेंट, बरातघरों समेत दूसरे प्रतिष्ठानों में 10 दिन तक चेकिंग अभियान चलाया गया था। 10 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। कोचिंग सेंटरों में एनओसी की प्रक्रिया शिक्षा विभाग के माध्यम से होकर आती है। - मनु शर्मा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, बरेली।
