Bareilly News : अर्जुन हत्याकांड पर आक्रोश फूटा, सड़क जाम, पुलिस से नोंकझोंक
हमलावरों के एनकाउंटर की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लोग, पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा
बरेली, अमृत विचार। संजयनगर के हिन्दूवादी लीडर राकेश मौर्या के बेटे अर्जुन मौर्या की हत्या को लेकर दूसरे दिन भारी आक्रोश के हालात बन गए। गुस्साए लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दी। भीड़ से पुलिस की नोंकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी अुर्जन हत्याकांड में शामिल हमलावरों के एनकाउंटर की मांग गर रहे थे। अफसरों ने सख्त एक्शन का भरोसा देकर लोगों को शांत किया। पोस्टमार्टम के बाद कड़ी सुरक्षा में अर्जुन के शव का अंतिम संस्कार हुआ।
अुर्जन मौर्या (21) की संजयनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राष्ट्रीय हिन्दू संगठन सचिव राकेश मौर्या के बेटे की हत्या का पता होने पर मंगलवार को मोहल्ले के तमाम लोग सड़कों पर उतर आए। हर तरफ से आरोपियों के एनकाउंटर की मांग उठाई जाने लगी। कई दर्जन लोग इसे लेकर अफसरों से मिलने से पुलिस ऑफिस भी पहुंचे मगर मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद दर्जनों लोग पोस्टमार्टक हाउस पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। महिलाएं भी सड़क पर बैठ गईं और दोनों लेन जाम कर दीं। कुछ ही देर में चौकी चौराहा से चौपुला पुल तक वाहनों की लाइन लग गई। जाम खुलवाने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों से लोगों की नोंकझोंक होती देखी गई। सूचना पर एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ आशुतोष शिवम पहुंच गए। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं से बातचीत के लिए लेडी पुलिस भी मोके पर बुला ली गई। बहुत समझाने और दोषियों के खिलाफ कड़े एक्शन के आश्वासन पर लोग मान गए। सीओ इसके बाद भी शव का पोस्टमार्टम होने तक वहीं पर रुके रहे।
विवाद की आशंका में भारी फोर्स तैनात
पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामे के बाद संजय नगर में किसी तरह के विवाद की स्थिति न बने, इसे देखते हुए अफसरों ने मौके पर भारी फोर्स तैनात करा दिया। पीएम के बाद कड़ी सुरक्षा में शव संजयनगर स्थित शव ले जाया गया गया। सीओ लगातार हालात पर नजर बनाए रहे। शव पहुंचते भीड़ और बढ़ गई। कड़ी सुरक्षा में शाम अर्जुन के शव शव का अंतिम संस्कार किया गया।
प्रदर्शनकारी महिला को खरोंच लगने से लोग भड़के
पुलिस ने जाम और प्रदर्शन में शामिल लोगों को हटाने की कोशिश की तो एक महिला को लेडी कास्टेबिल का नाखून लग गया। उसके हाथ से खून निकल आया। इसे देखकर लोग और ज्यादा भड़क गए। हंगामा बढ़ गया। पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर टकराव होने से रोका। समझाने महिलाएं महिलाएं सड़क से हट गईं और जाम खुल गया।
सिरफिरों ने बहन से दोस्ती के विरोध पर ली युवक की जान
संजय नगर में हुए अर्जुन मौर्या हत्याकांड में आरोपी कुश कश्यप, कपिल राठौर और अर्पित के खिलाफ नामजद रिपोर्ट पिता की ओर से दर्ज कराई है। तीनों हमलावर सीसीटीवी में भी रिकार्ड हुए थे। पुलिस अफसरों का कहना है कि मारे गए अर्जुन की बहन दोस्ती हमलावर कुश से थी, जिसका वह विरोध करता था। कहासुनी में इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसे गोली मार दी और फरार हो गए।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मृतक अर्जुन संजय नगर गुसाई गौटिया का रहने वाला था। जांच में पता चला है कि अर्जुन की बहन और वहीं के रहने वाले कुश कश्यप के बीच में प्रेम प्रसंग था। अर्जुन विरोध करता था। सोमवार देर रात अर्जुन और कुश में विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान अर्जुन ने कुश को तमाचा मार दिया था। इसके आधे घंटे बाद कुश, उसका साथी कपिल राठौर और अर्पित इकट्ठे हुए और संजय नगर मंदिर के पास तीनों ने अर्जुन को घेरकर गोली मार दी। मृतक के पिता की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस टीमें तलाश में दबिशें दे रही हैं।
अर्पित ने मारी थी सटाकर गोली
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि अर्जुन ने जब कुश के तमाचा मारा तो उस समय वह धमकी देकर वहां से चला गया था। इसके बाद उसने दोस्त कपिल और अर्पित के साथ मिलकर बदला लेने की योजना बनाई। फिर देर रात अर्जुन को घेर लिया और मारपीट के बाद उसके अर्पित ने उसके सिर में सटाकर गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई।
कुश कंपनी इलाके में करती थी रंगबाजी
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सुबह से रात तक अर्पित, कपिल और कुश की टोली अर्जुन के घर के बाहर बार बार बाइक निकालते थे। तेज हार्न बजाते थे। कोई रोक-टोक करता था तो उसके साथ में मारपीट पर आमादा हो जाते थे। पूरे इलाके में रंगबाजी करते नजर आते थे। विरोध कई वे लोग मारपीट कर चुके थे।
हिस्ट्रीशीटर सोनू लभेड़ा का भाई है कपिल
पुलिस के अनुसार, अर्जुन मर्डर केस में शामिल कपिल जेल में बंद चल रहे संजयनगर के खतरनाक हिस्ट्रीशीटर अपराधी सोनू लभेड़ा का भाई है। सोनू लभेड़ा कुछ माह पहले पुलिस ने डोहरा रोड पर राहुल सागर की हत्या के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके नक्शे कदम पर भाई कपिल भी चल रहा था। कपिल पर भी कई केस दर्ज बताए जाते हैं।
