T20 World Cup 2026: पाकिस्तान को हराने के बाद पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर भारत, अब नीदरलैंड्स से टक्कर
लखनऊः आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच चरम पर है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की है। टीम इंडिया ने अपने पहले ही मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को पटखनी देकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया और 2 महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। लेकिन इस धमाकेदार जीत के बावजूद भारतीय टीम अपने ग्रुप की अंक तालिका (Points Table) में पहले पायदान पर नहीं पहुंच पाई है। आइए जानते हैं क्या है इसका समीकरण और कब है भारत का अगला मैच।
जानें ग्रुप-ए का पूरा हाल
इस साल विश्व कप में कुल 12 टीमें खिताब के लिए दम खम दिखा रही हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत और पाकिस्तान के अलावा मजबूत ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स और साउथ अफ्रीका जैसी टीमें शामिल हैं।
ग्रुप-ए में अब तक सभी टीमों ने अपना एक-एक मैच खेल लिया है। इसमें से ऑस्ट्रेलिया, भारत और बांग्लादेश ने अपने-अपने मैच जीतकर खाता खोल लिया है, जबकि नीदरलैंड्स, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका को अभी भी अपनी पहली जीत का इंतजार है।
पॉइंट्स टेबल का गणित: ऑस्ट्रेलिया नंबर-1, भारत दूसरे स्थान पर
ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, भारत और बांग्लादेश तीनों के पास बराबर (2-2) अंक हैं। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम नेट रन रेट (NRR) के मामले में भारत से बेहतर है, यही वजह है कि वह पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर काबिज है। बेहतर नेट रन रेट के कारण भारतीय टीम दूसरे नंबर पर है, जबकि बांग्लादेश तीसरे स्थान पर खिसक गया है। दूसरी ओर, ग्रुप-बी की बात करें तो वहां इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज ने अपने-अपने मैच जीतकर बढ़त बना रखी है, जबकि न्यूजीलैंड, आयरलैंड और श्रीलंका को पहली जीत की तलाश है।
कब और किससे होगा भारत का अगला मुकाबला?
पाकिस्तान को धूल चटाने के बाद अब टीम इंडिया की नजरें अपने अगले मिशन पर हैं। भारतीय महिला टीम का अगला मुकाबला 17 जून (बुधवार) को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला जाएगा। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने और पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने के लिए भारत को यह मैच बड़े अंतर से जीतना होगा।
मैच का समय: यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा।
नीदरलैंड्स के बाद भारतीय टीम की असली अग्निपरीक्षा ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगी। इन बड़ी टीमों के खिलाफ होने वाले मैचों से ही साफ होगा कि इस बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने की रेस में टीम इंडिया कितनी मजबूत दावेदार है।
