Chitrakoot News: 4 करोड़ की लागत से बना ऑडिटोरियम सालभर में ढहा, भड़के डीएम ने गठित की 3 सदस्यीय जांच कमेटी
20 दिन में दोबारा बनाने का अल्टीमेटम, वरना दर्ज होगी FIR
चित्रकूट: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उसमें बरती गई लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। सोनेपुर रोड पर स्थित नवनिर्मित ऑडिटोरियम का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इस गंभीर हादसे का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वप्निल यादव के नेतृत्व में तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है और एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के अंतर्गत विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा करीब चार करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से इस 425 सीटों वाले आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कराया गया था। हैरान करने वाली बात यह है कि महज एक साल पहले बनकर तैयार हुआ यह ऑडिटोरियम मंगलवार को तेज हवा का झोंका भी सहन नहीं कर सका और इसका ऊपरी हिस्सा ढह गया। इस घटना ने विकास कार्यों की शुचिता और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों की ईमानदारी को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
बुधवार को जिलाधिकारी ने स्वयं घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक भी मौके पर मौजूद रहे, जिन्हें जिलाधिकारी की कड़ी नाराजगी का सामना करना पड़ा। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में निर्देश दिया है कि क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण अगले 20 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। यदि तय समय सीमा के अंदर काम सुचारू रूप से नहीं कराया गया, तो परियोजना प्रबंधक और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कानूनी और विभागीय दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
