अधूरी तैयारी और उमस भरी गर्मी के बीच स्कूल आने से बच्चों ने किया किनारा, पहले दिन विद्यालय की साफ सफाई में जुटे रहे गुरूजी
गोंडा, अमृत विचार: गर्मी की छुट्टी के 25 दिन बाद अधूरी तैयारी के बीच मंगलवार से परिषदीय स्कूल खुल गए। हालांकि भीषण गर्मी के चलते बच्चों ने पहले दिन स्कूल से दूरी बनाए रखी। कुछ स्कूलों में इक्का दुक्का छात्र ही पहुंचे। स्कूल पहुंचे शिक्षक विद्यालय की साफ सफाई में जुटे रहे।
अमृत विचार टीम ने पहले दिन परिषदीय स्कूलों की तैयारी का जायजा लिया।
पेश है एक रिपोर्ट-
प्राथमिक विद्यालय जोतिया बेलहरी- शिक्षा क्षेत्र मुजेहना
10.jpg)
स्कूल की बाउंड्री वॉल टूटी है। विद्यालय परिसर में घास लगी है। बारिश और आंधी के बीच परिसर में गिरा पेड़ वैसे ही पड़ा है। स्कूल के प्रधानाध्यापक रामधन तिवारी अपने सहायक अध्यापक के साथ विद्यालय में उपस्थित रहे। बच्चों की उपस्थिति बेहद न्यून रही। प्रधानाध्यापक ने बताया कि उनकी जनगणना ड्यूटी लगी थी। छुट्टी में पूरे समय जनगणना का कार्य किया। आंधी पानी के दौरान स्कूल की बाउंड्री वॉल गिर गई थी। अब स्कूल खुला है। जल्द ही इसकी साफ सफाई कराई जायेगी।
प्राथमिक विद्यालय बिरतिहनपुरवा- हलधरमऊ
10.jpg)
बालपुर: हलधरमऊ ब्लाक का प्राथमिक विद्यालय बिरतिहनपुरवा मंगलवार को बंद रहा। स्कूल के पहले दिन न शिक्षक स्कूल पहुंचे और न बच्चे। विद्यालय परिसर में घास लगी है। बताया गया कि शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगी है इसलिए पहले दिन स्कूल नहीं खुल सका। प्राथमिक विद्यालय छिटनापुर व परसा गोंडरी में भी गंदगी फैली रही।
छिटनापुर के शिक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि सफाई की समस्या को लेकर कई बार संबंधित सफाईकर्मी और ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उधर,परसा गोंडरी में सफाईकर्मी की नियुक्ति न होने के कारण वहां के विद्यालय में भी साफ-सफाई की गंभीर समस्या दिखाई दी।
प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर ग्रंट- मनकापुर
11.jpg)
मनकापुर के प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर ग्रंट में पहले दिन एक भी बच्चे स्कूल नहीं आए। प्रधानाध्यापक वीरेंद्र बहादुर कुशवाहा अपने सहायक अध्यापकों विनय मिश्रा व संदीप कुमार के साथ विद्यालय में उपस्थित रहे। पहले दिन विद्यालय परिसर की साफ सफाई कराई गयी। बच्चों के न आने से एमडीएम नहीं बना।
प्राथमिक विद्यालय खजुरी- तरबगंज
9.jpg)
तरबगंज शिक्षा क्षेत्र के स्कूलों में भी कमोबेश यही स्थिति रही। कम्पोजिट विद्यालय सेझिया में बच्चों की उपस्थित शून्य रही। प्राथमिक विद्यालय खजुरी में भी पहले दिन बच्चे नहीं आए। प्राथमिक विद्यालय गौहानी में पहले दिन 6 बच्चे उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक नीरज कुमार पाण्डेय ने बताया की केवल साफ-सफाई का कार्य किया गया है।
बीएसए बोले- मीटिंग चल रही है
आधी अधूरी तैयारियों के बीच स्कूल खोले जाने तथा बच्चों की न्यून उपस्थिति पर बीएसए अमित सिंह ने कहा कि अभी मीटिंग चल रही है। मीटिंग के बाद इसकी डिटेल तैयार कराई जायेगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गयी है।
