UP News: CM योगी आज करेंगे कानून-व्यवस्था की समीक्षा, योग दिवस, मोहर्रम और NEET तैयारियों पर रहेगा फोकस

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। 5 केडी स्थित मुख्यमंत्री आवास में होने वाली अहम बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, मोहर्रम और नीट परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री जमीनी स्तर पर की गई तैयारियों का भी जायजा लेंगे।

अफसरों से सीधा संवाद

बैठक में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, जोनल एडीजी, आईजी, डीआईजी और सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों के अधिकारियों से सीधे संवाद कर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी लेंगे।

योग दिवस और मोहर्रम पर फोकस

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर समीक्षा की जाएगी। वहीं मोहर्रम को देखते हुए जुलूस मार्गों की सुरक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस तैनाती, ड्रोन निगरानी और सोशल मीडिया पर अफवाहों पर रोक लगाने के इंतजामों पर भी चर्चा होगी।

नीट परीक्षा की तैयारी

बैठक में नीट परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर भी मंथन होगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, पर्याप्त पुलिस बल और उड़नदस्तों की व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देंगे कि त्योहारों और परीक्षाओं के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के बाद गृह विभाग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:- UP B.Ed JEE 2026 Result Out: उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित, ऐसे चेक करें परिणाम

संबंधित समाचार