Baghpat Crime News : टेंट कारोबारी पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, भीड़ की पिटाई से बदमाश की भी मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

यूपी में बागपत के कस्बा बड़ौत में हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार की देर शाम टेंट व्यापारी की दुकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग करते हुए बदमाशों ने सोहनलाल (60) और उनके इकलौते बेटे विकास (28) की गोली मारकर हत्या कर दी।

बागपत। यूपी में बागपत के कस्बा बड़ौत में हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार की देर शाम टेंट व्यापारी की दुकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग करते हुए बदमाशों ने सोहनलाल (60) और उनके इकलौते बेटे विकास (28) की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से मोटरसाइकिल सवार राहगीर बड़ौत निवासी रोहित भी घायल हो गया। 

भीड़ की पिटाई से हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की मौत

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने 10 साल पहले हुई अपने भाई कपिल की हत्या की रंजिश में अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान आसपास के लोगों ने वरुण लुहारी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मेरठ मेडिकल ले जाते हुए वरुण ने भी दम तोड़ दिया। 

पुलिस के अनुसार, बड़ौत के दिल्ली बस स्टैंड पर रहने वाले व्यापारी सोहनलाल की घर के बाहर टेंट और कन्फेक्शनरी की दुकान है। मंगलवार की शाम टेंट व्यापारी सोहनलाल अपने बेटे विकास के साथ दुकान में बैठे थे। शाम करीब छह बजे दो मोटरसाइकिल से पांच छह बदमाश आए और दुकान में घुसकर सोहनलाल को कई गोलियां मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनका बेटा विकास बचाव के लिए दुकान से निकला तो उसे भी गोली मार दी। 

गोलियों की आवाज सुनकर दौड़े व्यापारी, भागते समय गिर गया वरुण 

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के व्यापारी आए और भागते हुए बदमाशों से हाथापाई की। उनके पिस्टल और तमंचे छीन लिए। इस बीच गोलियां बरसाने वाला वरुण गिर गया और लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिसे मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। व्यापारी सोहनलाल के भाई राजेश ने वरुण लुहारी, उसके भाई तरुण, पिता बाबूराम, साथी मोंटी व गोलू को नामजद करते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया है। 

पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए स्वाट, सर्विलांस के अलावा बड़ौत थाने की तीन, बागपत, बिनौली, रमाला, दोघट, छपरौली थाने की टीमों को लगाया गया है। उधर, बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। सुरक्षा की दृष्टि से कस्बे में पुलिस बल तैनात किया गया है। 

संबंधित समाचार