Lucknow News : बख्शी का तालाब में फंदे से लटकता मिला किसान का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि बीकामऊ खुर्द गांव में एक शख्स ने फंदा लगाकर सुसाइड कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान कुलदीप सिंह (45) निवासी बीकामऊ खुर्द के रूप में हुई।
बख्शी का तालाब/लखनऊ, अमृत विचार। यूपी की राजधानी लखनऊ में बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के बीकामऊ खुर्द गांव में एक किसान का शव आम के पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों ने रिश्तेदारी के तीन लोगों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि बीकामऊ खुर्द गांव में एक शख्स ने फंदा लगाकर सुसाइड कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान कुलदीप सिंह (45) निवासी बीकामऊ खुर्द के रूप में हुई। उनका शव घर के निकट स्थित खेत में आम के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कहीं मृतक के पिता नरेन्द्र बहादुर सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मंगलवार रात उनके पुत्र कुलदीप के साथ उनके बहनोई के पुत्र राजकिशोर, रामेन्द्र और लक्कू ने जमीनी विवाद को लेकर मारपीट की थी। उनका आरोप है कि मारपीट के बाद कुलदीप की हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पिता की तहरीर के आधार पर सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
रात में हुई थी मारपीट
मृतक के पिता नरेन्द्र बहादुर सिंह का आरोप है कि मंगलवार रात कुलदीप सिंह के साथ तीन लोगों ने मारपीट की थी। उनका कहना है कि मारपीट के बाद बेटे की हत्या कर शव को आम के पेड़ पर लटका दिया गया। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया शव फंदे से लटका मिला है, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद मामले की हर कोण से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कुलदीप सिंह की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार कुलदीप परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने भावनात्मक और आर्थिक दोनों तरह का संकट खड़ा हो गया है।
