Bahraich News : बस-ट्रक में आमने सामने टक्कर, 17 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के हरदी क्षेत्र में बहराइच-सीतापुर राष्ट्रीय मार्ग पर मंगलवार देर रात एक रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 17 लोग घायल हो गए। घायलों में दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के हरदी क्षेत्र में बहराइच-सीतापुर राष्ट्रीय मार्ग पर मंगलवार देर रात एक रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 17 लोग घायल हो गए। घायलों में दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस  ने बुधवार को बताया कि क्षेत्र के गदामार गांव के निकट मंगलवार रात करीब 11 बजे बहराइच की ओर से आ रहे ट्रक तथा लखनऊ से रूपईडीहा जा रही रोडवेज बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।

हादसे के बाद यात्रियों में मची अफरा-तफरी, कई लोग सीट से उछले

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग सीटों से उछलकर घायल हो गए। देर रात हुए हादसे के समय बस में बैठे लगभग सभी यात्री नींद में थे अचानक तेज धमके के साथ यह दुर्घटना हुई जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना हरदी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी तथा राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया।

cats

ट्रक का परिचालक भी हुआ घायल

पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना में बस के यात्रियों सहित ट्रक का परिचालक भी घायल हुआ है। घायलों में हंसराज, अवधेश कुमार, पप्पू, सोनू पाल, रामकली, मुनेश्वर, सूबेदार, सालिक, सत्यदेव शर्मा, बेचन, लवलेश पाल, शिवम, राकेश, प्रमोद, महेंद्र, निर्मला तथा आदित्य नारायण द्विवेदी शामिल हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पप्पू (42) निवासी इमामगंज तथा सत्यदेव शर्मा (26) निवासी धानेपुर, जनपद गोण्डा को गंभीर चोटें आने के कारण विशेष निगरानी में रखा गया है। जबकि अन्य घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

संबंधित समाचार