Sitapur News : सीतापुर में नहर पटरी पर दो मानव भ्रूण मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र में शारदा सहायक नहर की पटरी पर गुरुवार सुबह दो मानव भ्रूण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भ्रूणों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने नहर पटरी पर दो मानव भ्रूण पड़े देखे, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। 

सदरपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और दोनों भ्रूणों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि भ्रूणों को किसी ने नहर किनारे फेंक दिया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। 

आसपास के नर्सिंग होम और चिकित्सीय संस्थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना के संबंध में कोई सुराग मिल सके। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गहन छानबीन जारी है। 

संबंधित समाचार