Barabanki News : तकनीकी अनुदेशकों के 33 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज, अभ्यर्थियों ने कराई काउंसिलिंग

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंक जनपद में कुल 39 स्वीकृत पदों के सापेक्ष वर्तमान में केवल 6 तकनीकी अनुदेशक कार्यरत हैं, जबकि शेष 33 पदों पर चयन प्रक्रिया जारी है। काउंसिलिंग के लिए कुल 79 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था...

बाराबंकी, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परिषदीय उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में संचालित लर्निंग बाई डूइंग लैब के लिए तकनीकी अनुदेशकों की भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जनपद में कुल 39 स्वीकृत पदों के सापेक्ष वर्तमान में केवल 6 तकनीकी अनुदेशक कार्यरत हैं, जबकि शेष 33 पदों पर चयन प्रक्रिया जारी है।

काउंसिलिंग के लिए बुलाए गए थे  कुल 79 अभ्यर्थी

काउंसिलिंग के लिए कुल 79 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 39 उपस्थित हुए। होम एंड हेल्थ ट्रेड के 10 पदों के लिए 27 में से 20, एनर्जी एंड एन्वायरमेंट के 10 पदों के लिए 21 में से 6, एग्रीकल्चर नर्सरी एवं गार्डनिंग के 9 पदों के लिए 21 में से 11 तथा इंजीनियरिंग एंड वर्कशॉप के 10 पदों के लिए 10 में से केवल 2 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) बड़ेल स्थित कम्पोजिट विद्यालय परिसर में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य की अध्यक्षता में गठित समिति की देखरेख में अभिलेख सत्यापन किया गया।

क्या बोले जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी

इस दौरान शैक्षिक प्रमाणपत्र, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं बैंक पासबुक सहित सभी दस्तावेजों की जांच कर छायाप्रतियां जमा कराई गईं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने बताया कि अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों का आगे साक्षात्कार होगा, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विद्यालयों में कौशल आधारित तकनीकी शिक्षा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

संबंधित समाचार