ICC Women's Ranking: पाकिस्तान को धूल चटाने का मिला इनाम, आईसीसी रैंकिंग में भारतीय शेरनियों का जलवा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने लगाई लंबी छलांग

लखनऊ: आईसीसी (ICC) द्वारा मंगलवार को जारी की गई ताजा महिला टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का जबरदस्त जलवा देखने को मिला है। महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मिली धमाकेदार जीत का फायदा भारतीय गेंदबाजों को रैंकिंग में मिला है। भारत की युवा सनसनी श्री चरणी और स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी के दम पर करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल कर ली है।

करियर की बेस्ट रैंकिंग पर पहुंचीं श्री चरणी, कब्जाया दूसरा स्थान

बाएं हाथ की जादुई स्पिनर श्री चरणी ने आईसीसी महिला गेंदबाजी रैंकिंग में तहलका मचा दिया है। वह 5 पायदान की लंबी छलांग लगाकर सीधे दूसरे स्थान (नंबर-2) पर काबिज हो गई हैं। 728 रेटिंग पॉइंट्स के साथ यह उनके करियर की बेस्ट रैंकिंग है। उन्होंने इंग्लैंड की लॉरेन बेल को तीसरे स्थान पर धकेल दिया है। इस सूची में फिलहाल इंग्लैंड की लिंसी स्मिथ पहले स्थान पर बनी हुई हैं।

आपको बता दें कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवर के कोटे में महज 21 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट (सायरा जबीन, नतालिया परवेज और रामीन शमीम) चटकाए थे। भारत ने यह मैच 64 रनों से जीता था।

दीप्ति शर्मा की डबल छलांग, टॉप-5 में बनाई जगह

पाकिस्तान के खिलाफ 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहीं दीप्ति शर्मा को भी आईसीसी रैंकिंग में दोहरा फायदा हुआ है। दीप्ति टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में 5 पायदान ऊपर चढ़कर 5वें स्थान पर पहुंच गई हैं। सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में भी दीप्ति ने अपनी बादशाहत दिखाते हुए 2 पायदान की छलांग लगाई है और अब वह तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।

ऑलराउंडर रैंकिंग में बड़ा उलटफेर

ताजा रैंकिंग में सबसे बड़ा झटका न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर को लगा है। ऑलराउंडर रैंकिंग में उनसे नंबर-1 का ताज छिन गया है और वह खिसककर दूसरे स्थान पर आ गई हैं। अब वेस्टइंडीज की दिग्गज हेली मैथ्यूज 471 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया की नई नंबर-1 ऑलराउंडर बन गई हैं।

मंधाना टॉप-5 में बरकरार, हरमनप्रीत को नुकसान

महिला टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग की बात करें तो भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना अभी भी पांचवें स्थान पर मजबूती से टिकी हुई हैं। हालांकि, कप्तान हरमनप्रीत कौर को एक पायदान का नुकसान हुआ है और वह 10वें से 11वें स्थान पर खिसक गई हैं। बल्लेबाजी में ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वॉल पहले स्थान पर राज कर रही हैं, जबकि लौरा वोल्वार्ड्ट दूसरे और बेथ मूने तीसरे स्थान पर हैं।

यह भी पढ़ेंः T20 World Cup 2026: पाकिस्तान को हराने के बाद पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर भारत, अब नीदरलैंड्स से टक्कर

संबंधित समाचार