अयोध्या बिजली संकट: गर्मी और AC-कूलर के लोड से हांफा पावर कॉरपोरेशन, 3 महीने में 600 ट्रांसफार्मर फेल
अयोध्या, अमृत विचार : जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और बिजली के लगातार बढ़ते भार ने बिजली व्यवस्था की कमजोर कड़ियों को फिर उजागर कर दिया है। अप्रैल माह की शुरुआत के साथ ही ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाओं में तेजी आ गई है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल से जून तक तीन माह में जिले में करीब 600 ट्रांसफार्मर फुंक गये। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा चुनौतीपूर्ण है। गांवों में ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था न होने से कई बार लंबे समय तक अंधेरा छा जाता है। वहीं शहर के मोहल्लों और बाजारों में भी बार-बार ट्रांसफार्मर फूंकने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
अप्रैल सबसे खराब, मई में राहत, जून में फिर बढ़ोतरी
बिजली विभाग के अनुसार अप्रैल माह में सबसे ज्यादा 400 ट्रांसफार्मर खराब हुए थे। मई में तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित रहने और विभागीय निगरानी बढ़ने से ट्रांसफार्मर फेल होने की घटनाओं में कमी आई थी। माह जून में पारा लगातार 42 से 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के साथ ही बिजली की खपत नए रिकॉर्ड बना रही है। नतीजतन ओवरलोडिंग बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर दबाव कई गुना बढ़ गया है।
ओवरलोडिंग बना बड़ी वजह
रिपोर्ट के अनुसार एयर कंडीशनर, कूलर, पंपिंग सेट और अन्य उच्च क्षमता वाले बिजली उपकरणों के व्यापक इस्तेमाल से फीडरों और ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। कई जगह पुराने और क्षमता से अधिक लोड झेल रहे ट्रांसफार्मर जवाब देने लगे हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने से न केवल आपूर्ति बाधित होती है, बल्कि मरम्मत और बदलाव की प्रक्रिया में समय लगने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ जाती है।
खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर बदलने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। फील्ड स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है जिससे कि उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द राहत मिल सके। -बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता वितरण।
