Barabanki News: बाराबंकी में मेंथा टंकी फटने से बड़ा हादसा, युवक समेत 3 झुलसे; बीते हफ्ते हुए हादसे में युवती की मौत
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में मेंथा पेराई के दौरान हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार तड़के दरियाबाद थाना क्षेत्र में मेंथा पेराई के दौरान टंकी फटने से एक युवक, उसकी भाभी और भतीजा गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, कुछ दिन पहले हुए एक अन्य मेंथा टंकी हादसे में झुलसी युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पेराई के दौरान हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, दरियाबाद थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में रामफेर का परिवार खेत में मेंथा पेराई का काम कर रहा था। तड़के रूपरानी भट्ठी में ईंधन डाल रही थीं, जबकि हरिभजन वहीं मौजूद थे और शुभम पास में सो रहा था। इसी दौरान मेंथा टंकी की पेंदी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायलों को मथुरा नगर सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण तीनों को लखनऊ के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई टंकी करीब आठ साल पुरानी थी।
नेहा की मौत से परिवार में मातम
उधर, देवा कोतवाली क्षेत्र के हाजीहार मजरे मऊजानीपुर गांव में पिछले सप्ताह हुए मेंथा टंकी विस्फोट में राममिलन के पुत्र सत्यम (14), धर्मेंद्र यादव (20) व पुत्री नेहा (22) के अलावा पवन कुमार की पत्नी रुक्मणी देवी (40) और पुत्री रिमझिम (12) को लखनऊ सिविल अस्पताल रेफर किया गया था। हादसे में 80 प्रतिशत से अधिक झुलसी नेहा की हालत नाजुक बताई जा रही थी। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को लखनऊ के सिविल अस्पताल में उसने अंतिम सांस ली।
.jpg)
नेहा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, उसी हादसे में घायल सत्यम, धर्मेंद्र यादव, रुक्मणी देवी और रिमझिम का इलाज अभी भी सिविल अस्पताल में चल रहा है। लगातार हो रहे मेंथा टंकी हादसों ने ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्थाओं और पुराने उपकरणों के इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
.jpg)
ये भी पढ़ें:- बाराबंकी में मेंथा टंकी फटने बड़ा हादसा: एक ही परिवार के 5 लोग झुलसे; इलाज जारी
