कन्नौज के डायट छिबरामऊ में आधुनिक ECCE रिसोर्स सेंटर का शुभारंभ, बच्चों को मिलेगी खेल-खेल में शिक्षा
छिबरामऊ, कन्नौज, अमृत विचार। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को अधिक प्रभावी, रोचक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) छिबरामऊ में आधुनिक ECCE (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) रिसोर्स सेंटर का शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय विधायक अर्चना पांडेय ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।
विधायक ने किया उद्घाटन
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अर्चना पांडेय ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव प्रारंभिक शिक्षा से ही पड़ती है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा पद्धतियों और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से बच्चों को बेहतर सीखने का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनका बौद्धिक और रचनात्मक विकास होगा।
.jpeg)
खेल-खेल में होगी पढ़ाई
विधायक ने बताया कि इस रिसोर्स सेंटर के माध्यम से 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलेगा। केंद्र में आधुनिक शिक्षण सामग्री, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति और बच्चों की रुचि के अनुरूप संसाधनों का उपयोग किया जाएगा। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता, कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षकों को भी मिलेगा प्रशिक्षण
रिसोर्स सेंटर केवल बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षकों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। यहां शिक्षकों को नई शिक्षण तकनीकों और गतिविधि आधारित शिक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे बच्चों को अधिक प्रभावी और रुचिकर तरीके से शिक्षित कर सकें। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
ये भी पढ़ें:- Kannauj Crime News : जमीनी विवाद में बुजुर्ग की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, बेटे पर संदेह
