Azamgarh News : संपत्ति विवाद में खूनी संघर्ष, डंडे से प्रहार कर बड़े भाई ने की छोटे की हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आजमगढ़ जिले के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। करसड़ा गांव में मंगलवार देर शाम हुए इस घटनाक्रम में बड़े भाई द्वारा किए गए हमले में छोटे भाई की मौत हो गई।

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। करसड़ा गांव में मंगलवार देर शाम हुए इस घटनाक्रम में बड़े भाई द्वारा किए गए हमले में छोटे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस के अनुसार, मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव निवासी जगदीश विश्वकर्मा (70) और उनके छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा के बीच काफी समय से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार की देर शाम दोनों भाइयों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों भाई आपस में उलझ गए।

इसी बीच जगदीश विश्वकर्मा ने पास में रखा बांस का डंडा उठाकर ओमप्रकाश विश्वकर्मा के सिर पर प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने से ओमप्रकाश मौके पर ही गिर पड़े। परिजन घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मेंहनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाने और गवाहों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। 

क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें घायल ओमप्रकाश विश्वकर्मा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि आरोपी बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा को हिरासत में ले लिया गया है तथा परिजनों की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने एहतियातन गांव में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार