Amethi News: जेई द्वारा दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर किसान यूनियन का प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोकझोंक
अमेठी। बिजली विभाग के कर्मचारी के साथ हुए कथित विवाद और मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतर आए। बड़ी संख्या में महिलाएं और किसान नेता गौरीगंज स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करने पहुंचे और मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली विभाग के जेई (जूनियर इंजीनियर) द्वारा दर्ज कराया गया मुकदमा गलत है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
एसपी कार्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने किसान नेता रीता सिंह समेत कई महिलाओं और कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात को देखते हुए मौके पर सीओ समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं किसान यूनियन के नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक मुकदमा वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल एसपी कार्यालय के आसपास किसान यूनियन का प्रदर्शन जारी रहा। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
