बहराइच : फरियाद से पहले पानी, फिर सुनवाई, पयागपुर विधायक के जनता दर्शन में दिखी संवेदनशीलता, अब समाधान की परीक्षा
पुरैना बाजार, बहराइच : पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी के आवास पर रविवार को आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। बरसात के बावजूद बिलरवा मोड़, गंगाजमुनी, बहोरीपुरवा समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, बिजली, पेंशन, राजस्व और पुलिस संबंधी शिकायतें विधायक के समक्ष रखीं।
जनता दर्शन की शुरुआत में फरियादियों को पहले पानी और मिठाई देकर बैठाया गया। इसके बाद एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। उपस्थित लोगों का कहना था कि शिकायतकर्ता को पहले सहज महसूस कराने का प्रयास किया गया।
सुनवाई के दौरान एक गर्भवती महिला के इलाज का मामला सामने आने पर विधायक ने संबंधित अस्पताल के अधिकारियों से फोन पर बात कर इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। वहीं एक अन्य मामले में पुलिस अधिकारी से संपर्क कर पीड़ित की शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनता दर्शन में लाइसेंसी बंदूक के किराये से जुड़ा एक विवाद भी सामने आया। शिकायतकर्ता ने गन हाउस द्वारा अधिक किराया मांगे जाने की बात कही। विधायक ने संबंधित संचालक से फोन पर वार्ता कर दोनों पक्षों की बात सुनी। बातचीत के बाद किराये में कमी पर सहमति बनी। इसके बाद विधायक ने शिकायतकर्ता को भविष्य में स्वयं तय हुए समझौते के बाद अनावश्यक सिफारिश न कराने की नसीहत भी दी।
जनता दर्शन में नाली, खड़ंजा, फुंके ट्रांसफार्मर, पेंशन, भूमि विवाद तथा राशन कार्ड से जुड़े मामलों पर भी लोगों ने आवेदन दिए। हालांकि जनता दर्शन की वास्तविक सफलता शिकायतें सुनने या फोन करने से आगे बढ़कर उनके समाधान पर निर्भर करेगी। लोगों का कहना है कि यदि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित होता है, तभी इस पहल का उद्देश्य पूरी तरह सफल माना जाएगा।
