Balrampur News : गन्ने के खेत में दौड़ रहे करंट ने उजाड़ दिया परिवार, शौच के लिए निकली महिला की दर्दनाक मौत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बलरामपुर अमृत विचार। थाना रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम कालिंजर ग्रिंट मजरा बेनीपुरवा में सोमवार सुबह गन्ने के खेत में दौड़ रहे करंट ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शौच के लिए घर से निकली 55 वर्षीय शांति देवी की करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतका के पति राजाराम यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के तिलकराम और रक्षाराम पुत्रगण सालिकराम राजभर ने अपने गन्ने के खेत की घेराबंदी में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। सोमवार सुबह करीब सात बजे शांति देवी खेत की ओर जा रही थीं, तभी उनका शरीर करंट वाले तार के संपर्क में आ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शांति देवी अपने पीछे दो बेटे राजेश (27) और पेशकार (22) को छोड़ गई हैं। दोनों विवाहित हैं और उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है और गांव की महिलाएं परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटी रहीं।

घटना से ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए खेतों में करंट दौड़ाने की बढ़ती प्रवृत्ति लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है और इस पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Gonda News: विश्व युवा कौशल दिवस पर रोजगार मेले में 107 अभ्यर्थियों को मिली नौकरी, IIT में उमड़ी भारी भीड़

संबंधित समाचार