Bareilly News : वक्फ बोर्ड की जांच में निकलेगा बड़ा घोटाला: मौलाना शहाबुद्दीन

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, सुन्नी और शिया वक्फ बोर्ड में जमीनों की खरीद-फरोख्त और भ्रष्टाचार के आरोप

बरेली, अमृत विचार। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन ने सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड और शिया वक्फ बोर्ड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और वक्फ संपत्तियों की अनियमित बिक्री का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पत्र जारी करते हुए मांग की कि वक्फ बोर्ड की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो राम मंदिर चढ़ावा चोरी से भी बड़ा घोटाला सामने आ सकता है।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सोमवार की शाम को सिविल लाइंस के एक होटल में प्रेस वार्ता की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम लिखे पत्र सार्वजनिक किया। इस दौरान उन्होंने सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड और शिया वक्फ बोर्ड पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। मौलाना ने आरोप लगाया कि सपा की सरकारों के दौरान वक्फ की जमीनों और संपत्तियों की बड़े पैमाने पर खरीद-फरोख्त की गई। वक्फ बोर्ड के जिम्मेदार लोगों ने राजनीतिक संरक्षण में वक्फ संपत्तियों का सौदा किया। पूर्वजों ने वक्फ की जमीनें गरीबों, यतीमों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए दान की थीं, ताकि उनकी आय से स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और मदरसों का संचालन हो सके। लेकिन इन संपत्तियों का दुरुपयोग किया गया। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में मौलाना ने मांग की है कि वक्फ बोर्ड द्वारा बेची गई सभी जमीनों की जांच करा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रेस वार्ता में हाजी नसीर अहमद नूरी, मुफ्ती फारुख मिस्बाही, हाजी नाजिम बेग, राहत हुसैन मुन्ना, काशिफ खान, डॉ. अनवर रजा कादरी और हाफिज रजी अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार