Rampur News : आजम खां के हेट स्पीच मामले में 18 को आएगा फैसला
अधिकारियों के खिलाफ 2019 में दिया था भड़काऊ भाषण
रामपुर, अमृत विचार। आजम खान के खिलाफ अधिकारियों को लेकर हेट स्पीच मामले में आप नेता फैसल खां लाला की अपील पर फैसला 18 जुलाई को आएगा। मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में बहस पूरी हो चुकी है। एमपी एमएलए कोर्ट में आप नेता फैसल खां लाला के अधिवक्ता जुल्फेकार अली तुर्क ने अपना पक्ष रखा।
साल 2019 में कोतवाली में हेट स्पीच का मामला दर्ज हुआ था। मामले में निचली अदालत ने आजम खां को दोषमुक्त कर दिया था। इसके बाद आप नेता फैसल लाला ने मामले में सुनवाई के लिए अपील दायर की थी। मामले में दोनों ही पक्षों की बहस सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित करते हुए 18 जुलाई को तिथि निर्धारित कर दी है। मंगलवार को बहस के दौरान आप नेता फैसल खां लाला कोर्ट में मौजूद रहे और उन्होंने भी बहस के दौरान अदालत के सामने खुद कई मजबूत तर्क रखे। फैसल खां लाला की तहरीर में बताया गया कि सपा प्रत्याशी मौहम्मद आजम खां लगातार भड़काऊ तथा उकसाने वाले भाषण देकर जनता को जिला प्रशासन के खिलाफ भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। सबूत के तौर पर मौहम्मद आजम खां के 29 मार्च 2019 को सपा कार्यालय पर दिये गए भाषण की वीडियो क्लिप भी थी। जिसमें आजम खां रामपुर की जनता को जिलाधिकारी आंजनेय कुमार (वर्तमान में मंडलायुक्त मुरादाबाद) सहित अपर जिलाधिकारी, एसडीएम सदर तथा सिटी मजिस्ट्रेट के खिलाफ भड़काने के लिए कह रहे हैं। कहा कि इन अधिकारियों को रामपुर का माहौल खराब करने को भेजा गया है। आरोप है कि आजम खां ने कहा था कि यह अधिकारी रामपुर को खून से नहाना चाहते हैं। 18 जुलाई के दिन सभी नजरें फैसले पर रहेंगी।
