Hardoi News : हरदोई के कृष्ण मोहन बने राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव, जिले में खुशी की लहर
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को हुई अहम बैठक में हरदोई जिले के निवासी कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही जिले में खुशी का माहौल बन गया।
हरदोई, अमृत विचार। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को हुई अहम बैठक में हरदोई जिले के निवासी कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही जिले में खुशी का माहौल बन गया। खास बात यह है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में दर्ज एफआईआर के वादी भी कृष्ण मोहन ही हैं।
ट्रस्ट की बैठक में पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्र के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए। इसके बाद नई व्यवस्था होने तक ट्रस्ट ने कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। शाहाबाद तहसील से जुड़े कृष्ण मोहन का जिला मुख्यालय स्थित बहरा सौदागर (सिनेमा रोड) में आवास है, जबकि उनकी ससुराल शहर के आवास विकास कॉलोनी में है। उनके नई जिम्मेदारी संभालने पर जिले के लोगों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता जताई।
कृष्ण मोहन सितंबर 2025 में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य बनाए गए थे। ट्रस्ट सदस्य कामेश्वर चौपाल के निधन के बाद उन्हें यह दायित्व सौंपा गया था। भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के महाराष्ट्र कैडर के वर्ष 1978 बैच के अधिकारी रहे कृष्ण मोहन ने लखनऊ विश्वविद्यालय से एमएससी की शिक्षा प्राप्त की।
नागपुर में सेवा के दौरान उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव हुआ। वर्ष 2012 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। गृह जनपद हरदोई में भी वह नगर, जिला, प्रांत और क्षेत्र स्तर पर संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। अब राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव के रूप में उनकी नियुक्ति को हरदोई के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कौन हैं कृष्ण मोहन?
- हरदोई जिले की शाहाबाद तहसील से रखते हैं संबंध।
- जिला मुख्यालय के बहरा सौदागर (सिनेमा रोड) में है आवास।
- भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के महाराष्ट्र कैडर के वर्ष 1978 बैच के अधिकारी रहे।
- लखनऊ विश्वविद्यालय से एमएससी की पढ़ाई की।
- वर्ष 2012 में आईएफएस से सेवानिवृत्त होने के बाद सामाजिक और धार्मिक कार्यों में सक्रिय हुए।
- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में नगर, जिला, प्रांत और क्षेत्र स्तर पर विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं।
- सितंबर 2025 में ट्रस्ट सदस्य कामेश्वर चौपाल के निधन के बाद राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य नामित किए गए।
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में दर्ज एफआईआर के वादी भी कृष्ण मोहन ही हैं।
- अब उन्हें राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया गया है।
