मुरादाबाद में नहीं थम रहा तेंदुए का आतंक : बलिया में महिला को उतारा मौत के घाट

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नहीं थम रहा तेंदुए का खौफ, पति के सामने गर्दन पकड़कर महिला को घसीट ले गया तेंदुआ

मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक जारी है। सुबह सहसपुरी में 10वां तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ, लेकिन दोपहर में बलिया गांव में एक और तेंदुए ने महिला की जान ले ली।

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में आदमखोर तेंदुओं का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। वन विभाग के लगातार रेस्क्यू अभियानों के बावजूद मौतों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को सहसपुरी गांव में 10वें तेंदुए के पकड़े जाने से लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली ही थी कि कुछ ही घंटों बाद बलिया गांव में एक और तेंदुए ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में फिर से दहशत का माहौल है।

पति के सामने गर्दन पकड़कर घसीट ले गया तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, बलिया गांव निवासी महिला मिथलेश अपने पति देवांश के साथ खेत पर पशुओं के लिए चारा काटने गई थीं। दोनों खेत में काम कर ही रहे थे कि अचानक घात लगाए बैठे एक तेंदुए ने मिथलेश पर जानलेवा हमला कर दिया। तेंदुआ सीधे महिला की गर्दन पकड़कर उसे गन्ने के खेत की ओर घसीट ले गया।

पत्नी को बचाने के लिए पति देवांश ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके की तरफ दौड़े। भारी भीड़ को आता देख तेंदुआ महिला को छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकला, लेकिन तब तक मिथलेश की दर्दनाक मौत हो चुकी थी।

बलिया गांव में यह दूसरी मौत
तेंदुए के हमले से बलिया गांव में यह दूसरी जान गई है। इससे पहले 18 अगस्त को इसी गांव में खेत पर काम करने गई विरमो देवी को तेंदुए ने मार डाला था। इसके अलावा 3 अगस्त को लालापुर पीपलसाना में भी संतोष देवी नाम की महिला की तेंदुए के हमले में जान जा चुकी है। लगातार हो रहे इन हमलों से ग्रामीण बेहद खौफजदा हैं और खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं।

सुबह ही वन विभाग ने पकड़ा था 10वां तेंदुआ
बता दें कि मंगलवार सुबह ही तेंदुआ प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता मिली थी। सहसपुरी गांव में वन विभाग द्वारा लगाए गए ट्रैप केज (पिंजरे) में एक तेंदुआ कैद हो गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके साथ ही क्षेत्र में अब तक पकड़े गए तेंदुओं की संख्या 10 हो चुकी है।

लेकिन, 10 तेंदुओं के पकड़े जाने के बाद भी महिला की मौत की इस ताजा घटना ने साबित कर दिया है कि इलाके में अभी और भी तेंदुए मौजूद हैं, जो इंसानों की जान के दुश्मन बने हुए हैं। फिलहाल वन विभाग की टीम बलिया गांव में कॉम्बिंग कर रही है।

ये भी पढ़ें - यूपी में 17 IAS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, अलीगढ़-मुरादाबाद मंडलायुक्त बदले; कई विभागों में नई जिम्मेदारियां

संबंधित समाचार