Sugar Price Hike: चीनी की महंगाई के खिलाफ माकपा का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट में सौंपा चार सूत्री ज्ञापन
सुलतानपुर में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। चीनी, दाल, तेल, रसोई गैस और दवाओं की कीमतें कम करने समेत कई मांगें उठाईं।
सुलतानपुर, अमृत विचार: बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिला सचिव राधेश्याम वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।
ज्ञापन में हाल में चीनी के दाम में हुई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने के साथ दाल, तेल, रसोई गैस और अन्य खाद्य वस्तुओं की बढ़ी कीमतें कम करने की मांग की गई। माकपा नेताओं ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दाम से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने दवाइयों की कीमतों में पिछले एक वर्ष के दौरान कथित तीन से चार गुना वृद्धि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दवाओं के बढ़े दाम वापस लेने की मांग की। पेट्रोलियम पदार्थों में एथेनॉल के इस्तेमाल और कीमतों में बढ़ोतरी पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में की गई।
इसके अलावा सहारा फाइनेंस में निवेश करने वाले लोगों की धनराशि वापस दिलाने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जनहित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
यह भी पढ़ेंः चीनी की कीमतों में उछाल के बीच मोदी सरकार का बड़ा फैसला, कच्ची चीनी के इम्पोर्ट के नियम बदले
