सिर्फ डिग्री से नहीं मिलेगी नौकरी! काउंसलिंग सत्र में छात्रों को बताया गया करियर का नया फॉर्मूला, स्किल डेवलपमेंट पर जोर
कोटद्वार के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कैरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को रोजगार के बदलते अवसरों, सेवायोजन पोर्टल, कौशल विकास और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने छात्रों से डिग्री के साथ रोजगारपरक कौशल विकसित करने की अपील की।
पौड़ी गढवाल। उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग लैंसडाउन तथा महाविद्यालय के कैरियर परामर्श प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को एक दिवसीय कैरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रोजगार के बदलते अवसरों, सेवायोजन पोर्टल, कौशल विकास तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी एवं सेवायोजन अधिकारी लैंसडाउन अजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री हासिल कर लेना रोजगार की गारंटी नहीं है। विद्यार्थियों को रोजगार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तकनीकी ज्ञान, रोजगारपरक कौशल और आत्मविश्वास विकसित करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमताओं को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।
कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीम संभावनाएं हैं, जरूरत उन्हें पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ने की है। सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने विद्यार्थियों को विभिन्न कैरियर विकल्पों एवं रोजगार के अवसरों के साथ ही सेवायोजन विभाग के पोर्टलों और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। ऐसे में युवाओं को शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ रोजगारपरक कौशल विकसित करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप कैरियर लक्ष्य निर्धारित कर उपलब्ध अवसरों एवं योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। काउंसलिंग सत्र के दौरान विद्यार्थियों को कैरियर चयन, रोजगार के उपलब्ध अवसरों, कौशल विकास तथा सेवायोजन विभाग की सुविधाओं एवं योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों की कैरियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
