Chamoli News : चमोली पुलिस लाइन मंदिर में गूंजे वैदिक मंत्र, श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों की हुई प्राण प्रतिष्ठा

Amrit Vichar Network
On

एसपी सुरजीत सिंह पंवार समेत पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने हवन में दी आहुति

चमोली की रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर स्थित मंदिर में श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा हुई। एसपी सुरजीत सिंह पंवार समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हवन-पूजन कर जनपदवासियों व पुलिस परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

चमोली, अमृत विचार। उत्तराखंड के चमोली जिले में रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर स्थित मंदिर में रविवार को श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। धार्मिक अनुष्ठान में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार समेत पुलिस परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन-पूजन

मंदिर के पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हवन में आहुति देकर जनपदवासियों और पुलिस परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। इसके बाद श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों को मंदिर में विधिवत स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा कराई गई।

एसपी ने की सुख-शांति और समृद्धि की कामना

इस अवसर पर एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपदवासियों और समस्त पुलिस परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। एसपी ने कहा कि धार्मिक आयोजन आपसी सौहार्द, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक भावना को मजबूत करते हैं। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर लंबे समय से पुलिस परिवार और गोपेश्वरवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है।

नवीन मूर्तियों की स्थापना से बढ़ी मंदिर की गरिमा

नवीन मूर्तियों की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के साथ मंदिर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक गरिमा और बढ़ गई। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक जितेंद्र जोशी, यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल, प्रभारी निरीक्षक गोपेश्वर अनुरोध व्यास समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:- Uttarakhand News : ऋषिकेश में 'किंग ऑफ उत्तराखंड' को पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, गैंगस्टर एक्ट में तीन गिरफ्तार

 

संबंधित समाचार