Ayodhya University Recruitment: अवध विश्वविद्यालय में शिक्षकों की भर्ती को झटका, दो बार तारीख बढ़ाने पर भी नहीं मिले पर्याप्त आवेदन
10 से भी कम आवेदन मिलने के बाद तीसरी बार बढ़ाई गई आवेदन की अंतिम तारीख, अब 20 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
अयोध्या, अमृत विचार : डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रवेश के साथ-साथ शिक्षकों की कमी के संकट से भी जूझ रहा है। विश्वविद्यालय के नियमित विभागों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर दो बार आवेदन की तिथि बढ़ाने के बाद भी अभी तक 10 से भी कम आवेदन आएं हैं, वह भी अपूर्ण। खास बात यह है कि विश्वविद्यालय अभी भी विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर तीन हजार प्रवेश पर ही अटका है। ऐसे में शिक्षक पद के लिए भी आवेदन कम आना विश्वविद्यालय की छवि को भी इंगित करता है।
नई अधिसूचना के अनुसार अब प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर पद के लिए पात्र 20 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले इसकी अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित थी। एक भी आवेदन न आने के कारण आवेदन की अंतिम तिथि 23 अगस्त निर्धारित की गई। इस दौरान 10 से कम आवेदन आए वह भी केवल सहायक प्रोफेसर के लिए। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा आवेदन की तिथि अब बढ़ाकर 20 सितंबर कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि कम आवेदन आने के कारण चयन प्रक्रिया बाधित हो रही है। नियमतः सभी पदों पर आवेदन आने के बाद स्कूटनी होती है। उसके बाद चयन प्रक्रिया विधिवत प्रारम्भ होती है, लेकिन कम संख्या के चलते प्रक्रिया रुकी हुई है। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन और आ जाएं इसलिए तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के बाद उसका पूर्ण रूप से भरा हुआ प्रिंटआउट सभी आवश्यक अभिलेखों एवं संलग्नकों के साथ स्पीड पोस्ट के माध्यम से 25 सितंबर को शाम पांच बजे तक कुलसचिव कार्यालय में अनिवार्य रूप से भेजना होगा। कुलसचिव ने बताया कि भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
यह भी पढ़ेंः सोना-चांदी में फिर उछाल! अगले हफ्ते अमेरिकी महंगाई आंकड़े तय करेंगे बाजार की अगली चाल
