अयोध्या के 4711 रसोइयों को बड़ी सौगात, मानदेय बढ़ा और मिला 5 लाख का कैशलेस मेडिकल कार्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

PM पोषण योजना के तहत सम्मान समारोह, अब ₹3,000 मानदेय और ₹1,000 यूनिफॉर्म भत्ता; दुर्घटना में ₹2 लाख की सहायता का भी प्रावधान

अयोध्या, अमृत विचार : पीएम पोषण योजना के तहत बेसिक शिक्षा विभाग अयोध्या में कार्यरत रसोइयों का सम्मान समारोह एवं पांच लाख का कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह शुक्रवार को जिले भर में हुआ। जिले के कुल 4711 रसोइयों को यह सौगात पीएम पोषण योजना के तहत मिली।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने बताया कि जिले में पीएम पोषण योजना के तहत कुल 1918 विद्यालयों में 4711 रसोइया कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रसोइयों का मानदेय 2000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये और यूनिफॉर्म भत्ता 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये किया गया है। साथ ही एसबीआई के साथ एमओयू के तहत दुर्घटना पर दो लाख रुपये की सहायता और पांच लाख रुपये प्रतिवर्ष कैशलेस चिकित्सा सुविधा दी जाएगी।

रसोइया विद्यालय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी : वेद प्रकाश

रसोइया विद्यालय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वह प्रतिदिन बच्चों के लिए भोजन तैयार करने के साथ उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और बच्चों की सुविधा का भी ध्यान रखते हैं। बच्चों को गर्म एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में योजनाएं संचालित कर रही है। रसोइयों के मानदेय में वृद्धि भी इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। ये बातें रविवार को अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहीं। वो पूराबाजार ब्लॉक मुख्यालय पर पीएम पोषण योजना के तहत आयोजित रसोइयों के सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ाकर 3000 रुपये किए जाने से रसोइयों को आर्थिक संबल मिलेगा। वहीं कैशलेस चिकित्सा कार्ड की सुविधा उनके और उनके परिवार के लिए उपचार के समय बड़ी राहत प्रदान करेगी। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने रसोइयों से बच्चों के पोषण और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया।

विधायक ने कार्यक्रम में रसोइयों को पांच लाख तक कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। मौके पर गन्ना समिति के चेयरमैन दीपेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रियाजुद्दीन, अनिल सिंह, संतोष सिंह, सत्येंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में रसोइये, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी रसोइयों का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण : रोली

रसोइयों को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे एक मां अपने बच्चों का ख्याल रखती है रसोइया भी उसी तरह बच्चों का ख्याल रखती हैं। बच्चे को जब गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलेगा तभी उनका मन पढ़ाई में भी लगेगा। इसलिए सभी रसोइयों का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण है। ये बातें जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह ने कहीं। वो सर्किट हाउस में हुए आयोजन को बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित कर रहीं थीं।

मुख्य अतिथि महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों को आपके द्वारा गर्म पौष्टिक और गुणवत्ता युक्त भोजन प्रतिदिन उपलब्ध कराया जा रहा है , इसके लिए हम आप सभी को बधाई देते हैं । आप सभी अनवरत रूप से इस महत्वपूर्ण कार्य को संचालित करते रहिए। इससे पूर्व उन्होंने विशिष्ट अतिथि, भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभी ने रसोइयों को पांच लाख का कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया।

संचालन एसआरजी डॉ. अंबिकेश त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, जिला समन्वयक अंकुर सिंह, आदर्श सिंह, रॉबिन पाल, शिवाकांत द्विवेदी, विमलेंद्र मोहन मिश्रा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और रसोइया मौजूद रहीं।

सरकार को रसोइयों के साथ उनके परिवार की भी चिंता: रामचंद्र

पीएम पोषण योजना की स्कूल की रसोइयों के सम्मान एवं प्रोत्साहन समारोह का आयोजन तहसील सभागार में किया गया। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा और दो लाख रुपये के दुर्घटना बीमा की सौगात दी है।विकास खंड रुदौली और मवई के 955 रसोइयों को इसका लाभ मिलेगा। महिला सम्मान के लिए साड़ी के मूल्य में 500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय रसोइयों के साथ उनके परिवार के हितों की चिंता को भी दर्शाता है। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय ऑडिटर एवं अयोध्या जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी ने कहा कि रसोइया बेसिक शिक्षा परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत राम ने कहा कि पीएम पोषण योजना को प्रभावी ढंग से संचालित करने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कंपोजिट विद्यालय भवानीपुर की रसोइया उषा देवी, कंपोजिट विद्यालय गौरियामऊ के अंगद यादव, नयागंज की क्लावती, कुढ़ा सादात की सावित्री और शुजागंज की उषा को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। वहीं भवनपता, सीता, सावित्री, किसमता और गुड्डा देवी को बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया गया। संचालन ब्लॉक मंत्री मवई संजय सिंह ने किया।

संबंधित समाचार