यूपी बोर्ड परीक्षा- 2027 : कक्षा 10 व 12 के परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव
अयोध्या, अमृत विचार : यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए बड़ी राहत की खबर है। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज ने कक्षा 10 और 12 के संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र भरने की तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है।इसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. पवन कुमार तिवारी को भी भेजी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा वर्ष 2027 के लिए पूर्व में विज्ञप्ति जारी की गई थी, लेकिन जनपदों से प्रधानाचार्यों ने अवगत कराया कि कई विद्यालयों में निर्धारित तिथि तक शुल्क कोषागार में जमा नहीं हो पाया है। जनप्रतिनिधियों ने भी अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया है।
इसी को देखते हुए छात्रहित में परिषद ने संस्थागत और व्यक्तिगत दोनों वर्गों के छात्र-छात्राओं के लिए शुल्क को एकमुश्त चालान से कोषागार में जमा करने और परिषद की वेबसाइट http://upmsp.edu.in पर शैक्षिक विवरण ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथियों में वृद्धि का प्रस्ताव किया है। संशोधित तिथियों की औपचारिक घोषणा शासन से अनुमोदन के बाद परिषद द्वारा जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसे लेकर छात्र परेशान न हो।
यह भी पढ़ें : सुबह-सुबह कमरे से बाहर निकला विशाल मगरमच्छ : ग्रामीणों के उड़े होश, वन विभाग ने ऐसे किया रेस्क्यू
