राष्ट्रगान विवाद : कोतवाली के पास पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेसियों ने फूंका सतीश महाना का पुतला, उठाई बर्खास्तगी की मांग
कानपुर में राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर कांग्रेसियों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ प्रदर्शन किया और कोतवाली के पास उनका पुतला फूंका। पुलिस ने पुतला बुझाने और छीनने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने दोबारा आग लगा दी। कांग्रेस ने महाना को पद से बर्खास्त करने की मांग की है।
कानपुर, अमृत विचार। राष्ट्रगान के कथित अपमान पर कोतवाली के पास पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेसियों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान पुतले में लगाई गई आग बुझ गयी लेकिन पुलिस ने कोई हरकत नहीं की। दुबारा फिर प्रदर्शनकारियों ने पुतले में आग लगाई तो पुलिस हरकत में आई और पुतला छीनने लगी लेकिन तब तक आग तेज हो चुकी थी और पुतला पूरी तरह जल गया।
रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर नगर ग्रामीण के अध्यक्ष संदीप शुक्ला की अगुवाई में सायं 4 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेसी तिलक हाल में एकत्र हुए। कांग्रेसियों की भीड़ तिलक हाल से नारेबाजी करते हुए कोतवाली की ओर बढ़ी लेकिन कोतवाली चौराहा के पहले ही तिलक हाल मोड़ पर पुतले को आग लगा दिया लेकिन हवा चलने के कारण पुतले की आग बुझ गयी, पुलिस के पास उस समय इतना मौका था कि वह पुतला छीन सकती थी लेकिन वहां मात्र दो पुलिस कर्मी ही थे।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुतले में दुबारा आग लगाई। जब पुतला धूं धूं जलने लगा तो एक पुलिस कर्मी आगे बढ़ा और पुतला छीनने की कोशिश करने लगा लेकिन तब तक पुतले की आग तेज हो गयी। इस दौरान भारी फोर्स कोतवाली चौराहे के पास प्रदर्शनकारियों के आने का इंतजार कर रहा था।
क्या है पूरा मामला, जिलाध्यक्ष ने लगाया आरोप
शनिवार को उन्नाव जिले में एक स्कूल के कार्यक्रम मे पहुचे सतीश महाना ने गार्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद तुरंत अपनी गाड़ी की ओर चल दिये थे वहीं वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पार्श्व में राष्ट्रगान चालू था, इसी बात को लेकर कल से विभिन्न समाचार चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ये विवाद वायरल हो गया। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने देश की संप्रभुता एकता और अखंडता का प्रतीक हमारे राष्ट्रगान का अपमान किया है।
इसलिए विधानसभा अध्यक्ष को उनके पद से बर्खास्त किया जाए। आनंद वर्मा, नरेंद्र चंचल कुशवाहा, इखलाक अहमद डेविड, राजेन्द्र बाल्मीकि, अंकित कन्नौजिया, शिवम पटवा, संदीप मिश्रा, सुनील पाल, माना यादव,शीलू यादव, अभिषेक कुमार, नफीस अहमद, ग्रीन बाबु सोनकर, अकील अहमद,निखिल गुप्ता, शुभम राजपूत, सुशांत गुप्ता, उस्मान सोनू, रवि कुमार, ऋषि पाल ,अमन युवराज सिंह, महेंद्र भदौरिया, मेराज खान, गोविंद यादव आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः यूपी के 3.53 लाख रसोइयों को बड़ा तोहफा, CM योगी ने बांटे कैशलेस मेडिकल कार्ड; अब 5 लाख तक मुफ्त इलाज
