मुजफ्फरनगर में बड़ी कार्रवाई : धर्म परिवर्तन के मामले अवैध घोषित किए गए मदरसे पर गरजा बुलडोजर, जानें मामला
सरकारी जमीन पर बना मदरसा ढहाया गया, जांच में खुली पोल
मुजफ्फरनगर के फुलत गांव में सरकारी जमीन पर बने अवैध घोषित मदरसा दारुल उलूम रहीमिया को प्रशासन ने बुलडोजर से ढहा दिया। पुलिस के मुताबिक मदरसे के प्रभारी मौलाना और उनके दो बेटों के खिलाफ पहले से मामला दर्ज है और तीनों जेल में हैं।
मुजफ्फरनगर, अमृत विचार। जिले के फुलत गांव में जिला प्रशासन की ओर से अवैध घोषित किए गए मदरसा दारुल उलूम रहीमिया पर रविवार को बुलडोजर चलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने मदरसे के भवन को ध्वस्त कर दिया। राजस्व विभाग की जांच में मदरसे के लिए इस्तेमाल की जा रही जमीन को सरकारी भूमि बताया गया था।
जांच के दौरान सामने आया मदरसे का मामला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के मुताबिक मदरसे के प्रभारी मौलाना हिफजुर्रहमान और उनके दो बेटों जुबेर व जुनैद के खिलाफ चल रही एक मामले की जांच के दौरान मदरसे के अवैध होने की जानकारी सामने आई थी।
एसएसपी ने बताया कि रतनपुरी थाने में मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू हुई थी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मदरसे के संचालन और धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोप भी सामने आए। इसके बाद हिफजुर्रहमान, जुबैर अंसारी और जुनैद अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया गया था।
17 अगस्त को सरकारी घोषित हुई जमीन
पुलिस के अनुसार राजस्व विभाग की जांच के बाद 17 अगस्त को मदरसे की जमीन को सरकारी भूमि घोषित किया गया। इसके बाद प्रशासन ने रविवार को पुलिस बल की मौजूदगी में मदरसा दारुल उलूम रहीमिया के भवन को बुलडोजर से ढहा दिया।
एसएसपी ने बताया कि मौलाना हिफजुर्रहमान और उनके दोनों बेटों को छह जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत गिरफ्तार किया गया था। तीनों फिलहाल जेल में हैं और मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है।
पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों के मुताबिक राजस्व जांच में जमीन के सरकारी होने की पुष्टि के बाद मदरसे को अवैध घोषित किया गया था, जिसके बाद भवन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें:-Lucknow Rain : लखनऊ में झमाझम बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, गर्मी-उमस से राहत; कई इलाकों में जलभराव से बढ़ी परेशानी
