UP : रक्षाबंधन पर दो दिन और बढ़ी महिलाओं की निःशुल्क बस यात्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

सीएम योगी ने बैठक में किया एलान, 27 की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक मुफ्त यात्रा

लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ी सौगात देते हुए निःशुल्क बस यात्रा की अवधि बढ़ा दी है। अब महिलाएं 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

रक्षाबंधन के मद्देनजर रविवार को परिवहन निगम/विभाग, नगर विकास, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात के लिए व्यापक कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। कहा कि 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 26 अगस्त को अवकाश होने के कारण लंबी दूरी व अंतरजनपदीय यात्राओं में वृद्धि की संभावना है। 25 अगस्त से 29 अगस्त की रात तक आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण अवधि रहेगी। ऐसे में अतिरिक्त बसों के संचालन समेत सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं।

उन्होंने शहरों, एक्सप्रेसवे, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग तेज करने को कहा। मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों तथा शहरों के प्रवेश-निकास मार्गों पर संभावित यातायात दबाव को देखते हुए पहले से कार्ययोजना तैयार रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन ऑवर का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। राहत एवं बचाव केंद्रों को तकनीक से जोड़ने की दिशा में कार्य हो, ताकि दुर्घटना की सूचना मिलते ही निकटतम राहत एवं बचाव केंद्र, ट्रॉमा केयर और एंबुलेंस तक तत्काल पहुंच बनाई जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन सेवाओं को नागरिक सुविधा से सीधे जोड़ते हुए उन्हें अधिक सुरक्षित, सरल और तकनीक आधारित बनाया जाए। रक्षाबंधन पर महिलाओं और परिवारों की यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग संवेदनशीलता के साथ काम करें, ताकि त्योहार के दौरान किसी यात्री को अनावश्यक परेशानी न हो।

25 अगस्त तक यूनियनों के साथ बैठक के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ समन्वय बैठक करने के निर्देश दिए। निर्धारित किराया ही लेने, ओवरलोडिंग रोकने और यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा। टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कर केवल सत्यापित और सक्षम चालकों से ही वाहनों का संचालन कराने के निर्देश दिए। इनसेट

ओवरलोडिंग और अधिक किराया वसूली पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने बस स्टेशनों पर सीसीटीवी, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को बस स्टेशनों पर फर्स्ट एड की अलग व्यवस्था करने को कहा। ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, अधिक किराया वसूली और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नशे में वाहन चलाने तथा मालवाहक वाहनों और ट्रैक्टरों में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन पर भी सख्ती के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें : सुबह-सुबह कमरे से बाहर निकला विशाल मगरमच्छ : ग्रामीणों के उड़े होश, वन विभाग ने ऐसे किया रेस्क्यू

संबंधित समाचार