Shravasti News : पांच दिन की ट्रेनिंग के बाद स्काउट मास्टर-कैप्टन पहुंचे श्रावस्ती, मंदिरों का किया शैक्षिक भ्रमण

Amrit Vichar Network
On

श्रावस्ती के जगजीत इंटर कॉलेज इकौना में स्काउट मास्टर और स्काउट कैप्टन के पांच दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन शैक्षिक भ्रमण कराया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने श्रावस्ती के प्रमुख मंदिरों और बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर ऐतिहासिक जानकारी हासिल की।

इकौना (श्रावस्ती), अमृत विचार। जगजीत इंटर कॉलेज इकौना में चल रहे स्काउट एवं गाइड के स्काउट मास्टर और स्काउट कैप्टन के पांच दिवसीय प्रशिक्षण का सोमवार को समापन हुआ। अंतिम दिन विद्यालय के प्रधानाचार्य राम बिहारी वाजपेई की अध्यक्षता में प्रशिक्षणार्थियों को शैक्षिक भ्रमण कराया गया। स्काउट मास्टर और स्काउट कैप्टन ने तीर्थ क्षेत्र श्रावस्ती पहुंचकर ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की जानकारी हासिल की।

प्रमुख मंदिरों और स्थलों का किया भ्रमण

शैक्षिक भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने श्रीलंका मंदिर, वर्मा मंदिर, चीन मंदिर, दिगंबर जैन मंदिर, महामांकोल और बुद्ध विहार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें इन स्थलों के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

स्काउटिंग से निखरते हैं व्यक्तित्व के गुण

जिला स्काउट कमिश्नर ज्योति प्रकाश पांडेय ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में छिपी प्रतिभा और गुणों को उभारने का काम करती है। इसके बहुआयामी कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व, सोच और नजरिए को विकसित करने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में आगे बढ़ने और प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता होती है, जरूरत सिर्फ इन गुणों को सही दिशा देकर निखारने की है।

5

उन्होंने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में मानवीय गुण विकसित करने के साथ उनके करियर निर्माण में भी मदद करती है। युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार विषय और अभ्यास वर्ग चुनने में मार्गदर्शन एवं सहयोग दिया जाता है।

सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी

ट्रेनर कामाछा प्रसाद पाठक ने कहा कि स्काउटिंग व्यक्ति में सकारात्मक सोच और बेहतर नजरिया विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। तकनीकी प्रशिक्षण सफलता में करीब 15 प्रतिशत योगदान देता है, जबकि 85 प्रतिशत सफलता सुलझे हुए व्यक्तित्व और सकारात्मक दृष्टिकोण पर निर्भर करती है। इस मौके पर कुसुम वर्मा, पल्लवी पांडेय, हनुमान प्रसाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः UP Transfer : 18 सहायक मजिस्ट्रेटों की नई तैनाती, शाहजहांपुर से लखनऊ तक बदले कार्यक्षेत्र; देखें पूरी लिस्ट

संबंधित समाचार