25 साल की चमक के बाद विदाई की आहट! क्या खत्म होने वाला है रोनाल्डो का फुटबॉल सफर? बोले- शायद यह मेरा आखिरी फुटबॉल सीजन हो
फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने संन्यास को लेकर पहली बार बड़ा संकेत दिया है। पांच बार के बैलन डी’ओर विजेता ने कहा कि मौजूदा सीजन खिलाड़ी के तौर पर उनका आखिरी साल हो सकता है। 41 वर्षीय रोनाल्डो अब मैदान से बाहर परिवार और जिंदगी के दूसरे पहलुओं को समय देने की तैयारी कर रहे हैं।
Cristiano Ronaldo Retirement: क्रिस्टियानो रोनाल्डो के प्रशंसकों के लिए यह खबर भावुक कर देने वाली है। करीब 25 साल तक फुटबॉल की दुनिया पर राज करने वाले पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी ने अपने करियर के अंत को लेकर अब तक का सबसे बड़ा संकेत दिया है।
रोनाल्डो ने वोग को दिए इंटरव्यू में कहा कि मौजूदा सीजन बतौर खिलाड़ी उनका आखिरी साल हो सकता है। हालांकि उन्होंने संन्यास की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन उनके बयान ने दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों को भविष्य को लेकर सोचने पर मजबूर कर दिया है।
रोनाल्डो का कहना है कि वह अपने पीछे एक शानदार विरासत छोड़ना चाहते हैं।
41 की उम्र में भी मैदान पर कायम है जुनून
41 वर्षीय रोनाल्डो का सऊदी अरब के क्लब अल नासर के साथ अनुबंध जून 2027 तक है। इसके बावजूद उन्होंने संकेत दिया है कि उनका सक्रिय खिलाड़ी के तौर पर सफर उससे पहले ही खत्म हो सकता है।
रोनाल्डो इससे पहले भी अपने करियर के अंतिम पड़ाव की बात स्वीकार कर चुके हैं। पिछले साल नवंबर में उन्होंने कहा था कि वह एक या दो साल और खेल सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि 2026 वर्ल्ड कप उनके करियर का आखिरी विश्व कप होगा।
फुटबॉल के बाद परिवार को देना चाहते हैं ज्यादा वक्त
रोनाल्डो के इस बयान का सबसे भावुक पहलू उनका फुटबॉल के बाद की जिंदगी को लेकर नजरिया है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने मैदान से बाहर की जिंदगी के लिए तैयारी शुरू कर दी है। अब वह अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते हैं और जिंदगी के उन हिस्सों को भी महसूस करना चाहते हैं, जिनके लिए पिछले 25 वर्षों में उन्हें ज्यादा वक्त नहीं मिल पाया।
उन्होंने यात्रा और पैडल जैसे दूसरे शौक पूरे करने की इच्छा भी जताई। रोनाल्डो के मुताबिक, इतने लंबे करियर में त्याग और मेहनत के बाद अब अपनी उपलब्धियों का आनंद लेने का समय भी आना चाहिए।
स्पोर्टिंग से शुरू हुआ सफर, रियल मैड्रिड में रचा इतिहास
रोनाल्डो ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत स्पोर्टिंग सीपी से की थी। इसके बाद उन्होंने मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड और जुवेंटस जैसे दुनिया के दिग्गज क्लबों का प्रतिनिधित्व किया।
उनके करियर का सबसे सुनहरा दौर रियल मैड्रिड में रहा। क्लब के लिए उन्होंने 438 मैचों में रिकॉर्ड 450 गोल किए।
जनवरी 2023 से वह सऊदी अरब के क्लब अल नासर के लिए खेल रहे हैं।
पुर्तगाल के लिए भी ऐतिहासिक योगदान
रोनाल्डो ने पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के लिए भी लंबे समय तक अहम भूमिका निभाई है। 2026 वर्ल्ड कप में उन्होंने तीन गोल किए और टीम को अंतिम-16 तक पहुंचाने में योगदान दिया।
हालांकि, पिछले महीने स्पेन के खिलाफ हार के बाद पुर्तगाल विश्व कप 2026 से बाहर हो गया। उस समय रोनाल्डो ने यह बताने से इनकार किया था कि वह पूरी तरह फुटबॉल को कब अलविदा कहेंगे।
अब उनके ताजा बयान ने इस सवाल को फिर से सबसे ज्यादा चर्चा में ला दिया है।
यह भी पढ़ेंः 13 साल बाद माता-पिता ने लाइव देखा मैच, जीत से ज्यादा खास था अर्जुन-हरिहरन का ये भावुक पल
