चिकारा के तूफान में उड़ गए गोरखपुर के ‘शेर’! मेरठ मावेरिक्स ने 36 रन से दर्ज की लगातार दूसरी जीत
स्वास्तिक चिकारा की 45 गेंदों पर 82 रन की विस्फोटक पारी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में गोरखपुर लायन्स को 36 रन से हरा दिया। मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन बनाए और फिर गोरखपुर को 170 रन पर रोककर लगातार दूसरी जीत हासिल की।
लखनऊः भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ मावेरिक्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया।
सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा और ऋतुराज शर्मा ने पहले विकेट के लिए 86 रन की शानदार साझेदारी की। ऋतुराज ने 30 गेंदों पर 44 रन बनाए, जबकि चिकारा ने महज 45 गेंदों में 9 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 82 रन की तूफानी पारी खेली।
चिकारा ने अक्षय दुबे के साथ भी 62 रन की साझेदारी की, जिसने मेरठ को बड़े स्कोर की राह पर पहुंचाया।
रिंकू सिंह ने भी दिखाया दम
मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने पारी के अंतिम चरण में तेजी से रन बटोरे और 25 रन की उपयोगी पारी खेली। दिव्यांश राजपूत ने 13 रन का योगदान दिया।
इन पारियों की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 206 रन बनाए। गोरखपुर की ओर से राहुल शर्मा ने दो विकेट लिए।
चिकारा ने रचा खास रिकॉर्ड
स्वास्तिक चिकारा ने अपनी विस्फोटक पारी के दौरान एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली। उन्होंने यूपी टी-20 लीग में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए।
वह लीग में यह आंकड़ा छूने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
गोरखपुर की शुरुआत रही बेहद खराब
207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और 10 ओवर के बाद उसका स्कोर 5 विकेट पर सिर्फ 56 रन था।
हालांकि सिद्धार्थ यादव ने 22 गेंदों पर 40 रन की तेज पारी खेलकर टीम की उम्मीदें जगाईं। उन्होंने निशांत कुशवाहा के साथ 47 रन की साझेदारी भी की।
चार छक्कों ने बढ़ाया रोमांच, त्यागी ने पलट दिया मैच
मुकाबले के अंतिम चरण में निशांत ठाकुर ने विशाल चौधरी के एक ओवर में लगातार चार छक्के लगाकर मैच में रोमांच पैदा कर दिया। गोरखपुर की टीम को लगा कि मुकाबले में वापसी संभव है।
लेकिन अगले ही ओवर में मेरठ के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने 143 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली यॉर्कर पर निशांत ठाकुर को बोल्ड कर दिया। इस विकेट ने गोरखपुर की वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।
त्यागी ने अपने चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
आखिरी गेंद पर रिंकू सिंह ने पकड़ा शानदार कैच
मेरठ के गेंदबाजों ने पूरे मुकाबले में अनुशासित गेंदबाजी की और गोरखपुर को निर्धारित लक्ष्य से काफी दूर रोक दिया।
गोरखपुर लायन्स की पारी 9 विकेट पर 170 रन तक ही पहुंच सकी। मैच की अंतिम गेंद पर कप्तान रिंकू सिंह ने शानदार कैच लपककर मेरठ की 36 रन की जीत पर मुहर लगा दी।
मेरठ के नाम कई बड़े रिकॉर्ड
इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने मुकाबले में कई उपलब्धियां हासिल कीं।
- मेरठ ने इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा 206 रन का स्कोर बनाया।
- स्वास्तिक चिकारा ने यूपी टी-20 लीग में 100 छक्के पूरे किए।
- कार्तिक त्यागी ने 149 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर इस सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड बनाया।
- मेरठ ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
- मेरठ इस सीजन में पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बनी।
यह भी पढ़ेंः UP T20 League: बारिश ने बदला मैच, आखिरी ओवर में पलटा खेल! गोरखपुर लायंस ने लखनऊ फाल्कन्स को 4 विकेट से हराया
