भारी बारिश के बीच लखनऊ में Gen Alpha का ‘विरोध’! सुबह 6 बजे सड़क पर बैठीं छात्राएं, बोलीं- ‘डीएम को बुलाओ’

Amrit Vichar Network
On

लखनऊ के पारा क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं ने स्कूल की बुनियादी सुविधाओं को लेकर सोमवार सुबह सड़क पर धरना दिया। छात्राओं ने शिक्षकों की कमी, खराब भोजन और समय पर इलाज नहीं मिलने समेत कई समस्याएं उठाईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

लखनऊः सोमवार सुबह स्कूली छात्राओं का विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया। दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे के पास सुबह करीब 6 बजे जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय की छात्राएं अपनी मांगों को लेकर सड़क पर बैठ गईं।

छात्राओं ने सड़क पर घेरा बनाकर प्रदर्शन किया और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान ‘डीएम को बुलाया जाए’ जैसे नारे लगाए गए। छात्राओं के प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित हुआ।

फिजिक्स-केमिस्ट्री के शिक्षक नहीं, बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में फिजिक्स, केमिस्ट्री समेत कई विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छात्राओं ने स्कूल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बीमार पड़ने की स्थिति में समय पर इलाज उपलब्ध नहीं कराया जाता।

पहले छात्र, अब छात्राओं का प्रदर्शन

जानकारी के मुताबिक, इसी स्कूल के छात्रों ने इससे पहले शुक्रवार को भी प्रदर्शन किया था। अब सोमवार को छात्राओं ने सड़क पर उतरकर अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई।

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के ‘हाय-हाय’ के नारों से आसपास का इलाका गूंज उठा। सड़क पर छात्राओं के बैठने के कारण बालागंज चौराहे की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम

प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाने का प्रयास किया।

अधिकारियों ने छात्राओं को उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

क्यों चर्चा में है Gen Alpha का प्रदर्शन?

देश में शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर युवाओं के बीच विरोध-प्रदर्शन की चर्चाओं के बीच लखनऊ में स्कूली छात्राओं का सड़क पर उतरना खासा ध्यान खींच रहा है।

Gen Z के बाद आने वाली पीढ़ी Gen Alpha को तकनीक के साथ बड़ी हुई पीढ़ी माना जाता है। यही वजह है कि स्कूल की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे पर इन स्कूली छात्राओं का सामूहिक रूप से आवाज उठाना चर्चा में है।

क्या है Gen Alpha?

Gen Alpha आम तौर पर वर्ष 2010 से 2024 के बीच जन्मी पीढ़ी को कहा जाता है। यह Gen Z के बाद आने वाली पीढ़ी है।

यह वह पीढ़ी है जिसका बचपन स्मार्टफोन, टैबलेट, इंटरनेट और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों के बीच बीता है। तकनीक से गहरे जुड़ाव के कारण इस पीढ़ी के व्यवहार और सामाजिक भागीदारी को लेकर भी लगातार चर्चा होती रही है।

यह भी पढ़ेंः वर्दी का रौब या नशे का असर? मेरठ में पुलिसकर्मियों से भिड़ा अग्निवीर, हिरासत में लेकर सेना पुलिस को सौंपा

संबंधित समाचार