Sitapur News: रातभर हुई बारिश, सुबह स्कूलों पर लगा ताला! कक्षा 8 तक के स्कूल बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

रात से जारी है झमाझम बारिश

सीतापुर में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच देर रात से जारी तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। जलभराव और बिजली व्यवस्था पर असर को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा आठ तक के विद्यालय बंद करने का फैसला लिया गया। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी चार घंटे से अधिक समय से बाधित रही।

डिजिटल डेस्क लखनऊः सीतापुर में सोमवार की सुबह बारिश के साथ हुई। जिले में देर रात से शुरू हुई तेज बारिश सुबह तक जारी रही। लगातार बारिश के कारण शहर और आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

मौसम वैज्ञानिकों की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच बारिश की रफ्तार बढ़ने से लोगों की परेशानी भी बढ़ गई। सुबह के समय सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम नजर आई।

बारिश के चलते कक्षा 8 तक के स्कूल बंद

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने कक्षा आठ तक के विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।

बारिश और संभावित जलभराव के बीच छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो, इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया।

SITAPUR NEWS (2)

बिजली व्यवस्था भी प्रभावित

तेज बारिश का असर जिले की विद्युत आपूर्ति पर भी पड़ा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई जगह बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की सूचना है।

नगर क्षेत्र के भवानीपुर फीडर से जुड़े कई इलाकों में चार घंटे से अधिक समय से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को बारिश के बीच बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ा।

बाईपास पर गिरे कई पेड़

लगातार तेज बारिश के बीच शहर के बाईपास पर कई पेड़ गिर गए। इससे आवागमन प्रभावित हुआ। बारिश के कारण सड़क पर वाहनों की संख्या भी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।

लगातार बारिश और पेड़ गिरने की घटनाओं के चलते स्थानीय स्तर पर लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

जलभराव ने बढ़ाई परेशानी

देर रात से हो रही बारिश के कारण जिले के कई स्थानों पर पानी जमा हो गया है। लगातार बारिश जारी रहने की स्थिति में निचले इलाकों में जलभराव और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ेंः यूपी में फिर आफत बनी बारिश! 25 शहरों में झमाझम, प्रयागराज में 4 फीट पानी; गंगायमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर

संबंधित समाचार