रक्षाबंधन पर बहनें दिखेंगी सबसे खास, इन स्टाइलिश आउटफिट्स से पाएं ट्रेडिशनल के साथ रॉयल लुक
रक्षाबंधन पर अगर आप पारंपरिक अंदाज के साथ मॉडर्न टच चाहती हैं, तो नायरा कट कुर्ती, शरारा-गरारा, हल्की साड़ी, इंडो-वेस्टर्न को-ऑर्ड सेट और फ्लोरल अनारकली जैसे आउटफिट्स शानदार विकल्प हो सकते हैं।
रक्षा बंधन सिर्फ भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का त्योहार नहीं, बल्कि परिवार के साथ यादगार पल बिताने का भी मौका है। ऐसे में त्योहार की तैयारियों में कपड़ों का चुनाव भी खास हो जाता है। खासकर बहनें चाहती हैं कि राखी बांधते समय उनका लुक पारंपरिक भी हो और उसमें आधुनिकता की झलक भी दिखाई दे। अगर आप भी इस रक्षा बंधन पर कुछ ऐसा पहनना चाहती हैं जो आरामदेह होने के साथ-साथ स्टाइलिश और आकर्षक नजर आए, तो ट्रेडिशनल से लेकर इंडो-वेस्टर्न तक कई विकल्प आजमाए जा सकते हैं। सही फैब्रिक, रंग और एक्सेसरीज के साथ साधारण-सा आउटफिट भी बेहद खूबसूरत लग सकता है।
नायरा या आलिया कट कुर्ती के साथ मॉडर्न ट्विस्ट
अगर आपको ट्रेडिशनल कपड़ों में थोड़ा मॉडर्न अंदाज पसंद है, तो नायरा या आलिया कट कुर्ती आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। एम्ब्रॉयडर्ड वी-नेक, साइड स्लिट और खूबसूरत प्रिंट वाली कुर्ती को मैचिंग या कॉन्ट्रास्ट पलाजो के साथ पहनें। सके साथ हील्स या एम्बेलिश्ड सैंडल और मिनिमल ज्वेलरी कैरी करें। यह लुक खासतौर पर उन महिलाओं के लिए अच्छा है, जो ज्यादा भारी कपड़े पहनने के बजाय स्मार्ट और आरामदायक स्टाइल पसंद करती हैं।
शरारा-गरारा सेट में दिखें फेस्टिव
त्योहारों के लिए शरारा और गरारा सेट का आकर्षण कभी कम नहीं होता। छोटी कुर्ती, फ्लेयर्ड शरारा और खूबसूरत दुपट्टे का कॉम्बिनेशन रक्षा बंधन के माहौल के लिए बिल्कुल उपयुक्त है।
अगर आपका आउटफिट हल्के रंग का है तो उसके साथ चांदबाली, झुमके या कुंदन की हल्की ज्वेलरी पहन सकती हैं। वहीं, ज्यादा एम्ब्रॉयडरी वाले सेट के साथ एक्सेसरीज को थोड़ा मिनिमल रखना बेहतर रहेगा।
.png)
साड़ी पहननी हैं तो चुनें हल्का और एलिगेंट विकल्प
अगर आपको साड़ी पहनना पसंद है, लेकिन भारी साड़ी में असहज महसूस करती हैं, तो ऑर्गेंजा, शिफॉन या हल्की सिल्क साड़ी चुन सकती हैं। फ्लोरल प्रिंट या सॉफ्ट पेस्टल शेड्स आपको बेहद ग्रेसफुल लुक देंगे।
इसके साथ एम्ब्रॉयडर्ड बोट-नेक ब्लाउज या स्लीवलेस ब्लाउज स्टाइल किया जा सकता है। पर्ल, सिल्वर या मिनिमल गोल्ड ज्वेलरी इस लुक के साथ अच्छी लगेगी। बालों में गजरा या सॉफ्ट बन बनाकर आप पूरे लुक में पारंपरिक खूबसूरती का स्पर्श जोड़ सकती हैं।
को-ऑर्ड सेट में पाएं इंडो-वेस्टर्न लुक
जो महिलाएं कम मेहनत में स्टाइलिश दिखना चाहती हैं, उनके लिए एथनिक टच वाला को-ऑर्ड सेट एक अच्छा विकल्प है। सिल्क ब्लेंड या एथनिक प्रिंट वाले क्रॉप टॉप को फ्लेयर्ड पैंट्स के साथ पहनें और उसके ऊपर लंबा केप या श्रग कैरी करें। यह आउटफिट पारंपरिक और आधुनिक फैशन के बीच खूबसूरत संतुलन बनाता है। इसके साथ बड़े झुमके और स्टाइलिश फुटवियर आपके लुक को और आकर्षक बना सकते हैं।
फ्लोरल अनारकली से पाएं रॉयल अंदाज
रक्षा बंधन जैसे त्योहार के लिए फ्लोरल अनारकली या फ्लोर-लेंथ सूट एक शानदार विकल्प हो सकता है। जॉर्जेट, चंदेरी सिल्क या किसी हल्के फ्लोई फैब्रिक में पेस्टल रंगों का चुनाव आपको सॉफ्ट और एलिगेंट लुक देगा।
ऐसे आउटफिट के साथ बहुत ज्यादा ज्वेलरी की जरूरत नहीं होती। स्टेटमेंट झुमके, हल्का मेकअप और सॉफ्ट हेयरस्टाइल आपके लुक को खूबसूरत बनाने के लिए काफी हैं। अगर आप चाहें तो छोटी-सी बिंदी के साथ इस पारंपरिक लुक में और निखार ला सकती हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
रक्षा बंधन के लिए आउटफिट चुनते समय केवल ट्रेंड को फॉलो करने के बजाय अपने कंफर्ट का भी ध्यान रखें। ऐसा कपड़ा चुनें जिसे पहनकर आप पूजा, राखी बांधने और परिवार के साथ समय बिताने में सहज महसूस करें।
रंगों की बात करें तो पेस्टल पिंक, पीच, लैवेंडर, मिंट ग्रीन, आइवरी और हल्के पीले जैसे शेड्स फेस्टिव माहौल के लिए खूबसूरत विकल्प हो सकते हैं। वहीं, अगर आपको थोड़ा रॉयल अंदाज पसंद है तो एमराल्ड ग्रीन, मरून या डीप ब्लू जैसे रंग भी शानदार लगेंगे। आखिरकार रक्षा बंधन का असली आकर्षण सिर्फ कपड़ों में नहीं, बल्कि उस खुशी में है जो परिवार के साथ बिताए पलों से आती है। इसलिए ऐसा पहनावा चुनें जिसमें आप खूबसूरत दिखने के साथ खुद को सहज और आत्मविश्वासी भी महसूस करें।
यह भी पढ़ेंः Special Train: रक्षाबंधन पर रेलवे का बड़ा तोहफा, कानपुर होकर चलेंगी कई स्पेशल ट्रेनें; देखें पूरा टाइमटेबल
