Shravasti News : श्रावस्ती में कोटेदारों को बड़ा तोहफा, लाभांश ₹90 से बढ़कर ₹125 प्रति क्विंटल, ई-पॉस फीडबैक सिस्टम शुरू
कोटेदारों को अब 125 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा लाभांश, ई-पॉस से राशन वितरण की होगी निगरानी; जिले के करीब 450 उचित दर विक्रेताओं को फायदा
श्रावस्ती में उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल किया गया। ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली शुरू होने से राशन वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
श्रावस्ती, अमृत विचार। उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लाभांश में बढ़ोतरी के साथ सोमवार को ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, एडीएम ललित कुमार और प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर योजना की शुरुआत की।
इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। नई व्यवस्था के तहत उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
करीब 450 कोटेदारों को मिलेगा लाभ
जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने कहा कि लाभांश बढ़ाए जाने से जिले के कोटेदारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ई-पॉस मशीन और सिंगल-स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी सिस्टम के इस्तेमाल से राशन वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका कम हुई है। इससे पात्र लाभार्थियों को सीधे योजना का लाभ मिल रहा है।

एडीएम ललित कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था से जिले के करीब 450 उचित दर विक्रेताओं को लाभ मिलेगा। ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली के जरिए राशन वितरण और उसकी डिलीवरी की निगरानी की जाएगी। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में जवाबदेही और पारदर्शिता और मजबूत होगी। कार्यक्रम में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार पांडेय, एसडीएम आशीष भारद्वाज, सभी पूर्ति निरीक्षक, विभागीय कर्मचारी और उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।
