Barabanki News: हैदरगढ़ में मोबाइल-कंप्यूटर की दुकान में लगी आग, 9 लाख का सामान जलकर राख

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

हैदरगढ़ में सोमवार सुबह शॉर्ट सर्किट से मोबाइल-कंप्यूटर रिपेयरिंग सेंटर में लगी आग, नए और रिपेयरिंग के लिए आए मोबाइल समेत कंप्यूटर व प्रिंटर जलकर नष्ट

बाराबंकी के हैदरगढ़ में सोमवार सुबह शॉर्ट सर्किट से मोबाइल और कंप्यूटर की दुकान में आग लग गई। अग्निकांड में करीब 9 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।

बाराबंकी, अमृत विचार। हैदरगढ़ कस्बे में सोमवार सुबह विद्युत शॉर्ट सर्किट से मोबाइल और कंप्यूटर रिपेयरिंग की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखा करीब 9 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग में नए मोबाइल, कंप्यूटर, प्रिंटर समेत रिपेयरिंग के लिए आए उपकरण भी नष्ट हो गए।

जानकारी के मुताबिक अमेठी जिले के कुकहा गांव निवासी विनीत कुमार पांडेय की यूनिवर्सल मोबाइल एंड कंप्यूटर रिपेयरिंग सेंटर नाम से दुकान लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर एसडीएम आवास के सामने स्थित है। सोमवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसी अजय मिश्रा ने दुकान के शटर से धुआं निकलते देखा।

उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी विनीत के बड़े भाई प्रदीप को दी। इसके बाद दुकान का शटर खोलकर देखा गया तो अंदर आग लगी हुई थी। आनन-फानन में बिजली विभाग को सूचना देकर दुकान की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर बुझाई आग

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया। स्थानीय लोगों की मदद से आग को फैलने से रोक लिया गया। दुकान संचालक विनीत कुमार पांडेय के मुताबिक आग में नए कंप्यूटर, प्रिंटर और मोबाइल के साथ रिपेयरिंग के लिए ग्राहकों की ओर से दिए गए मोबाइल भी जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में करीब 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

ये भी पढ़े : 
Sawan Somwar : कांवड़ियों की भीड़ से पहले दूधेश्वरनाथ मंदिर में बढ़ी सुरक्षा, जानें क्या किए गए इंतजाम

संबंधित समाचार