श्रावस्ती में 10 महीने की मासूम से दुष्कर्म, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
बहन के साथ छत पर सो रही थी दुधमुंही बच्ची, रिश्ते के 17 वर्षीय चाचा पर आरोप; पिता की तहरीर पर केस दर्ज, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
श्रावस्ती, अमृत विचार: भिनगा कोतवाली क्षेत्र में 10 माह की दुधमुंही बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोमवार शाम अपनी तीन वर्षीय बहन के साथ छत पर सो रही मासूम के साथ रिश्ते के 17 वर्षीय चाचा ने दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई। उसे पहले संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया, जहां से मंगलवार को गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मां के नहाने जाने के दौरान हुई घटना
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला सोमवार शाम करीब 4:30 बजे नहाने गई थी। जाने से पहले उसने अपनी तीन वर्षीय बेटी और 10 माह की दुधमुंही बच्ची को छत पर टीनशेड के नीचे सुलाया था।
आरोप है कि इसी दौरान वहां पहुंचे पटीदारी के 17 वर्षीय चाचा ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख सुनकर मां मौके की ओर दौड़ी। मां को आता देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया।
गंभीर हालत में लखनऊ रेफर की गई मासूम
घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में बच्ची को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मंगलवार को मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।
पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
मासूम के पिता की तहरीर पर भिनगा कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी चंद्रकेश सिंह के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः Shravasti News: खाने में कीड़े मिलने से भड़के नवोदय के छात्र, भूख हड़ताल पर बैठे; हॉस्टल में लगाया ताला
