Shravasti News: खाने में कीड़े मिलने से भड़के नवोदय के छात्र, भूख हड़ताल पर बैठे; हॉस्टल में लगाया ताला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

श्रावस्ती के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय भिनगा में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का विरोध, सोमवार शाम से शुरू हुआ धरना; मंगलवार को दूसरे दिन भी छत पर डटे रहे छात्र

सिरसिया (श्रावस्ती): पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय भिनगा में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। खाने में कीड़े मिलने का आरोप लगाते हुए विद्यालय के छात्रों ने सोमवार शाम से भूख हड़ताल शुरू कर दी। स्कूल प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाकर भोजन कराने की कोशिश की गई, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से गुणवत्ताविहीन भोजन की आपूर्ति की जा रही है। बच्चों के मुताबिक रविवार रात परोसे गए भोजन के चावल में कीड़े मिले थे। छात्रों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं होने पर छात्रों ने किया विरोध

छात्रों के अनुसार लगातार शिकायत करने के बाद भी जब भोजन की गुणवत्ता में बदलाव नहीं हुआ तो उन्होंने सोमवार देर शाम विरोध का रास्ता अपनाया। छात्रों ने हॉस्टल के नीचे के दरवाजों पर ताला लगा दिया और इसके बाद सभी हॉस्टल की छत पर पहुंच गए।

छत पर मौजूद छात्रों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और भोजन की गुणवत्ता समेत विद्यालय की व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

दूसरे दिन भी छत पर डटे रहे छात्र

छात्रों को मनाने और उन्हें भोजन कराने के लिए स्कूल प्रशासन की ओर से काफी प्रयास किए गए, लेकिन छात्र अपनी मांगों से पीछे नहीं हटे। मंगलवार को विरोध का दूसरा दिन रहा और खबर लिखे जाने तक विद्यालय के छात्र अपनी मांगों को लेकर हॉस्टल की छत पर डटे हुए थे।

छात्रों का कहना है कि जब तक भोजन की गुणवत्ता और संबंधित व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

यह भी पढ़ेंः आजमगढ़ में डीजल टैंकर में भीषण विस्फोट, तीन लोग जिंदा जले; बिजली के पोल से टकराने के बाद लगी आग

संबंधित समाचार