UP Monsoon Session: सीएम योगी बोले- 'युवा और किसान विरोधी है सपा, विपक्ष के भारी हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। मंगलवार को योगी सरकार ने 59,019 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित करनी पड़ी। आज अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी और राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा फिर सदन में गरमा सकता है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। आज भी राम मंदिर और नीट पेपर लीक को लेकर विपक्ष सरकार पर निशाना साध रहा है। आपको बता दें कि दूसरे दिन मंगलवार को योगी सरकार ने अनुपूरक बजट पेश किया। सरकार की ओर से पेश किए गए बजट का कुल आकार 59,019 करोड़ रुपये है। बजट पेश किए जाने के दौरान विपक्ष की ओर से लगातार हंगामा और नारेबाजी होती रही। आज देखना होगा की अनुपूरक बजट पर चर्चा हो पाती है कि विपक्ष आज भी सरकार पर हावी रहेगा। अमृत विचार पर देखें UP Monsoon Session की पल-पल की लाइव अपडेट-
विपक्ष के भारी हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच निर्धारित समय से पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही मूल रूप से 6 अगस्त तक प्रस्तावित थी, लेकिन लगातार व्यवधान के चलते इसे समय से पूर्व समाप्त करने का निर्णय लिया गया। सदन की कार्यवाही के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों के सदस्यों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। हंगामे के कारण कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। लगातार गतिरोध की स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की। इसके साथ ही मानसून सत्र का समापन हो गया।
युवा और किसान विरोधी है सपा: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा की नीतियां महिलाओं, किसानों और युवाओं के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का रवैया इन वर्गों के प्रति सकारात्मक नहीं है।
सीएम योगी का विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने विधानसभा में चर्चा को आगे नहीं बढ़ने दिया और उसका रवैया लगातार नकारात्मक बना हुआ है।
स्पीकर बोले- मेरी राजनीतिक पारी अब अंतिम दौर में
विधानसभा अध्यक्ष ने अपनी राजनीतिक यात्रा को लेकर कहा कि उनकी राजनीतिक पारी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने सदन के सभी सदस्यों से अपील की कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भाषा की मर्यादा और सदन की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि सदन लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण मंच है, इसलिए सभी सदस्यों को बहस और संवाद के दौरान शब्दों की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर विधानसभा में फिर हंगामा
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में बुधवार को भी विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर जोरदार हंगामा किया। विपक्षी सदस्यों ने दानपात्र और पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सपा विधायकों ने सदन के भीतर भी इस मुद्दे को लेकर जमकर विरोध जताया। हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही के दौरान माहौल काफी गरम रहा।
सचिन यादव को मिला अन्य सपा नेताओं का साथ
विधानसभा मानसून सत्र में सपा विधायक सचिन यादव के समर्थन में बैठी सपा महिला विधायक
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर साधा निशाना
लखनऊ में विधानसभा की कार्यवाही में विपक्ष द्वारा कथित तौर पर बाधा डाले जाने को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का लोकतांत्रिक परंपराओं और व्यवस्था से कोई सरोकार नहीं रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिस तरह समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने मंगलवार को विधानसभा के भीतर आचरण किया, उसकी कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा विधायकों ने विधानसभा की पीठ का अपमान किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रदेश की 25 करोड़ जनता के हितों से जुड़ी अपनी बात सदन में रखने से रोका।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के इस रवैये से ऐसा प्रतीत होता है कि समाजवादी पार्टी विधानसभा का समय केवल हंगामे में गंवाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को प्रदेश की जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है।
अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर चढ़ावा मामले पर सरकार से जवाब मांगा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राम मंदिर से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस मामले से करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे अयोध्या तथा प्रभु श्रीराम के मंदिर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि इस मामले को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सामने रखा था। उन्होंने कहा कि मामला सामने आए करीब दो महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सपा सांसद ने आरोप लगाया कि इसके बजाय मामले में शामिल बड़ी मछलियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर विधानसभा में चर्चा हो और सरकार इस मामले में सदन के सामने अपना जवाब रखे।
संजय निषाद बोले- विपक्ष चर्चा से क्यों भाग रहा?
विधानसभा की कार्यवाही में विपक्ष के हंगामे और बाधा को लेकर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सदन में चर्चा में शामिल होना चाहिए और अपने मुद्दे तथा पक्ष को सामने रखना चाहिए।
संजय निषाद ने कहा कि विपक्ष चर्चा के दौरान अपनी बात रखे, सरकार की ओर से उसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि जब सदन में अपनी बात रखने का अवसर है तो विपक्ष चर्चा से क्यों पीछे हट रहा है।
सदन की मर्यादा भंग पर विधानसभा अध्यक्ष ने जताई नाराजगी
उत्तर प्रदेश विधानसभा की बुधवार की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सदन के प्रत्येक सदस्य को उसकी मर्यादा और गरिमा का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंगलवार को सदन की मर्यादा भंग हुई, जिस पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनके मना करने के बावजूद सदन की कार्यवाही से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं। उन्होंने कहा कि सदन के सदस्य के तौर पर सभी से अपेक्षा की जाती है कि वे विधानसभा की गरिमा बनाए रखें और नियमों का पालन करें।
